पंजाब: हरपाल सिंह चीमा ने स्कूल शिक्षा विभाग को मिड-डे मील रसोइयों के वेतन पर कमेटी बनाने के दिए निर्देश
Punjab News: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को मिड-डे मील रसोइया यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान स्कूल शिक्षा विभाग को शिक्षा और वित्त विभाग के अधिकारियों की एक समिति बनाने का निर्देश दिया।
यूनियनों के प्रतिनिधियों को मिड डे मिल रसोइयों के वेतन से संबंधित विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करने और एक रिपोर्ट पेश करने को कहा है। जिससे उनके वेतन में वृद्धि का निर्णय जल्द से जल्द लिया जा सके।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मिड-डे मील कुक यूनियनों द्वारा उठाई गई मांगों पर विस्तार से चर्चा की। वित्त मंत्री ने स्कूल शिक्षा विभाग को बैंकों या बीमा कंपनियों के परामर्श से एक बीमा पॉलिसी बनाने का भी निर्देश दिया जो मध्याह्न भोजन पकाने वाले रसोइयों को स्वास्थ्य और जीवन बीमा दोनों प्रदान कर सके।
वित्त मंत्री ने शिक्षा विभाग को मिड डे मिल के लिए रसोइयों को नियुक्त करने के संबंध में स्कूल प्रबंधन समितियों को दिशानिर्देश जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन दिशानिर्देशों में उन रसोइयों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिनके पास इस योजना के तहत पहले कार्य का अनुभव है।
उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग को चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करने के लिए भी पत्र लिखना चाहिए कि चुनाव के दौरान यदि मिड डे मिल रसोइयों की सेवाएं ली जा रही हैं तो भुगतान सीधे उनके खातों में किया जाए। वित्त मंत्री ने रसोइया के छुट्टी पर जाने की स्थिति में मध्याह्न भोजन बनाने में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए शिक्षा विभाग को स्कूल समितियों के पास उपलब्ध धनराशि से प्रतिदिन रसोइयों को नियुक्त करने की व्यवस्था करने की संभावना तलाशने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि इन रसोइयों के लिए एप्रन, टोपी, दस्ताने आदि की व्यवस्था के लिए भी विभाग यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई करे।
यह भी पढ़ें- Punjab News: पंजाब में बलिदान दिवस पर शासकीय अवकाश की घोषणा, भगवंत मान सरकार ने जारी किया आदेश












Click it and Unblock the Notifications