कनाडा पर SGPC की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर का पलटवार, राजनयिक निष्कासन को बताया गलत
भारत और कनाडा के रिश्ते बहुत ही खराब दौर में हैं। हाल ही में कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप लगाया। साथ ही एक भारतीय राजनयिक को कनाडा छोड़ने का आदेश दिया। इस पूरे मामले में अब एसजीपीसी की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर का बयान सामने आया है।
वनइंडिया से बात करते हुए बीबी जागीर ने कहा कि कनाडा के प्रधानमंत्री ने खालिस्तानी नेता की हत्या के मामले में भारत पर जो आरोप लगाए हैं, वो बेबुनियाद हैं। कनाडा और भारत ने अनियोजित रूप से राजनयिकों को हटाने को जो फैसला लिया है, वो भी सही नहीं है। उनका मानना है कि दोनों के लिए प्राथमिक रूप से इसका कोई महत्व नहीं था।

उनके मुताबिक कनाडा को ऐसे आरोप लगाने से पहले उचित सबूत रखने थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उनको इस मामले में सोच समझकर फैसला लेना था। उन्होंने आगे कहा कि विभिन्न देशों में कई सिखों की हत्या कर दी गई, जिसके लिए आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कभी भी किसी भी देश ने उस देश को जिम्मेदार नहीं ठहराया, जिसके प्रवासी की हत्या हुई हो।
ट्रूडो ने क्या-क्या कहा?
हाल ही में कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो जी20 में शामिल होने के लिए भारत आए थे। इस दौरान उनको पीएम मोदी ने खालिस्तानी आतंकियों पर कार्रवाई नहीं करने के लिए काफी कुछ कहा। इसके अलावा उनको जी20 में ज्यादा महत्व भी नहीं दिया गया।
भारत से लौटने के बाद उन्होंने कनाडा की संसद को संबोधित किया। वहां पर उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा एजेंसियों ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जांच की। जिसमें भारत सरकार के एजेंटों के हाथ होने के सबूत मिले। इसके साथ ही उन्होंने एक राजनयिक को निष्कासित करने का आदेश दिया।
भारत ने कनाडा के सभी आरोपों को खारिज किया है। साथ ही तुरंत कनाडा के उच्चायुक्त को तलब किया और उन्हें जमकर फटकार लगाई। इसके साथ ही भारत ने भी कनाडा के एक राजनयिक को निष्कासित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications