पंजाब विधानसभा चुनाव: क्या जालंधर से कांग्रेस के लिए गुगली फेकेंगे क्रिकेटर हरभजन सिंह, जानिए पूरा मामला
पंजाब में चुनावी बाज़ार सजने लगा है, सभी सियासी पार्टियां अपनी-अपनी दलों को मज़बूत करने में जुटी हुई हैं। वहीं पंजाब कांग्रेस भी विधानसभा चुनाव के मद्देमज़र मास्टर स्ट्रोक लगाने की तैयारी में है।
चंडीगढ़, 24 दिसंबर 2021। पंजाब में चुनावी बाज़ार सजने लगा है, सभी सियासी पार्टियां अपनी-अपनी दलों को मज़बूत करने में जुटी हुई हैं। वहीं पंजाब कांग्रेस भी विधानसभा चुनाव के मद्देमज़र मास्टर स्ट्रोक लगाने की तैयारी में है। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर रहे हरभजन सिंह ने आज (शुक्रवार) इंटरनेशनल क्रिकेट से सन्यास लेने की घोषणा कर दी है। हरभजन सिंह के सन्यास लेने के बाद पंजाब के सियासी गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो चुका है। कयास लगाए जा रहे हैं कि हरभजन सिंह कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं। हरभजन सिंह को पंजाब कांग्रेस की सदस्यता दिलाने के लिए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पुरज़ोर कोशिश कर रहे हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया हरभजन सिंह ने संन्यास
पंजाब में विधानसभा चुनाव के दिन क़रीब आते ही भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर रहे हरभजन सिंह ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेना का फ़ैसला ले लिया है। भारतीय क्रिकेट टीम में 23 साल से ज़्यादा का वक़्त गुज़ारने के बाद आज हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया के ज़रिए इंटरनेशनल क्रिकेट से अलविदा लेने की घोषणा कर दी है। इस बाबत आज उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से क्रिकेट से संन्यास लेने का पोस्ट भी शेयर किया है। हरभजन सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार किये जाते हैं। उनके अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा के बाद पंजाब में अटकलों का बाज़ार गर्म हो चुका है। क्या हरभजन सिंह अब सियासी पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।

पंजाब कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं हरभजन
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज स्पिनर रहे हरभजन सिंह के इंटरनेशनल क्रिकेट के सन्यास लेने की घोषणा के बाद क़यास ये लगाए जा रहे हैं कि पंजाब विधानसभा चुनाव से हरभजन सिंह अपनी सियासी पारी की शुरुआत कर सकते हैं। हाल ही में हरभजन सिंह और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की मुलाक़ात भी हुई थी। हरभजन सिंह और सिद्धू के मुलाक़ात के बाद यह चर्चाएं ज़ोरों पर थी कि हरभजन सिंह पंजाब कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर चुनावी पारी खेल सकते हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने हरभजन सिंह के साथ ट्वीटर पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था कि संभावनाओं के साथ, उभरते सितारे हरभजन के संग।

जालंधर से चुनावी रण में उतर सकते हैं हरभजन
हरभजन सिंह और सिद्धू के बीच शुरूआत से ही काफी नजदीकी देखी गई है। इसे लेकर ही क़यास लगाए जा रहे हैं कि हरभजन सिंह पंजाब कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं। राजनीतिक सलाहकारों की मानें तो पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हरभजन सिंह का इंटरनेशनल क्रिकेट से सन्यास लेने के यह संकेत मिल रहे हैं कि वह अब पंजाब की सियासत में सक्रिय हो सकते हैं। भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर और दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह पंजाब के जालंधर से ताल्लुक रखते हैं। सूत्रों की मानें तो पंजाब कांग्रेस में शामिल होने के बाद वह जालंधर से चुनावी मैदान में ताल ठोक सकते हैं। पंजाब के सियासी गलियारों में यह चर्चा ज़ोरों पर है कि भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह जालंधर से चुनावी रण में उतर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: लुधियाना ब्लास्ट मामला: केन्द्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने कही ये बात, दिया ये आश्वासन












Click it and Unblock the Notifications