Punjab Polls: 'राम रहीम के भक्त किस पार्टी को कर रहे वोट'? सीएम चन्नी ने दिया इसका जवाब
नई दिल्ली, 20 फरवरी: पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। जिसमें सभी दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। अभी कुछ दिनों पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम फरलो पर बाहर आए थे। उनके जेल से बाहर आने को पंजाब चुनाव से जोड़कर देखा गया। हाल ही में खबर आई कि डेरा ने अपनी सभी अनुयायियों से बीजेपी को वोट देने की अपील की है, लेकिन इस बारे में सीएम चन्नी की राय कुछ अलग है।

एक न्यूज चैनल से बात करते हुए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब में राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह से साफ हो गई है। इस बार भी उनकी सरकार बनेगी, ये शाम तक तय हो जाएगा। वहीं डेरा सच्चा सौदा प्रमुख से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि बीजेपी ही गुरमीत राम रहीम को फरलो पर बाहर लेकर आई है, लेकिन ज्यादातर वोट अकाली दल को डाले जा रहे हैं। इसके अलावा धुरी से भगवंत मान के लिए वो वोट कर रहे हैं। इससे साफ हो गया है कि जो बेअदबी के जख्म थे, उसे फिर से अकाली दल ने कुरेद दिए हैं।
वहीं जब सीएम चन्नी से पूछा गया कि क्या दूसरे दले के पक्ष में डेरा का जाना कांग्रेस के लिए चुनौती है। इस पर चन्नी ने कहा कि ये कोई चुनौती नहीं है, लेकिन ये साफ हो गया है कि डेरा और अकाली दल ने बेअदबी वाले जख्म हरे कर दिए हैं।
हरियाणा सरकार ने दी थी सफाई
राम रहीम को फरलो हरियाणा सरकार ने दी थी, जिस वजह से वो 7 फरवरी से जेल के बाहर हैं। इस मामले पर विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा भी किया था। जिस पर हरियाणा के जेल मंत्री रंजीत चौटाला ने सफाई दी थी। उन्होंने कहा कि चुनाव सीजन में राम रहीम की बेल महज एक संयोग है। नियम के मुताबिक जब भी कोई कैदी तीन साल की सजा काट लेता है, तो वो फरलो का पात्र हो जाता है। राम रहीम भी आम कैदी है, वो भी इसी नियम के तहत जेल से बाहर आया है।












Click it and Unblock the Notifications