पंजाब में AAP के मिशन 13-0 पर मुख्यमंत्री भगवंत मान, अमृतसर और श्री आनंदपुर साहिब में ये है कार्यक्रम
Lok Sabha Chunav Punjab: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य की सभी 13 सीटें जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे। शुक्रवार को चौथा दिन है, जब उनका मिशन 13-0 का सिलसिला पूरे जोर-शोर से चल रहा है। उनकी रणनीति का खास हिस्सा ये है कि वह विधायकों से बात कर रहे हैं और उस आधार पर ग्राउंड रिपोर्ट जुटा रहे हैं।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री मान अमृतसर और श्री आनंदपुर साहिब के एमएलए के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा करने के साथ ही आवश्यक रणनीति को अंजाम देंगे। आम आदमी पार्टी इस बार पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जिसकी कमान खुद सीएम के हाथों में है और वह इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाने की कोशिश कर रहे हैं।

फतेहगढ़ साहिब के विधायकों से कर चुके हैं चर्चा
आम आदमी पार्टी की जीत के अपने मिशन के तहत सीएम भगवंत मान ने गुरुवार को फतेहगढ़ साहिब लोकसभा क्षेत्र के सभी 'आप' विधायकों से ग्राउंड रिपोर्ट ली थी; और पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की थी।
सीएम को जो फीडबैक मिले उसके आधार पर राज्य में बड़ी जीत सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने नेताओं को दिशा-निर्देश भी दिए और कहा कि उनकी सरकार के जो भी काम हैं, उससे जनता के बीच ले जाएं।
पंजाब की सभी 13 सीटें जीतने का 'आप' को भरोसा
फतेहगढ़ साहिब की बैठक में उस चुनाव क्षेत्र के पार्टी के सारे विधायकों के साथ ही आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी गुरप्रीत सिंह जीपी भी शामिल हुए। 2022 में फतेहगढ़ साहिब की सभी 9 विधानसभा सीटों पर 'आप' का परचम लहराया था।
मुख्यमंत्री भगवंत मान को भरोसा है कि इस बार भी पार्टी की स्थिति काफी मजबूत है और इसलिए वह पंजाब की सभी 13 सीटें फतह करने जा रही है।
'आप' सरकार के काम को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश
सीएम मान का साफ निर्देश है कि पंजाब सरकार की उपलब्धियां और राज्य और यहां की जनता के लिए किए गए कामों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है और अगर कोई मुद्दे हैं, जिनका समाधान संसद के माध्यम से हो सकता है तो उसपर भी लोगों से बात करना चाहिए।
इस मौके पर गुरप्रीत सिंह जीपी ने कहा राज्य सरकार के दो साल के कार्यकाल में अबतक जितने भी काम हुए हैं, वह अप्रत्याशित हैं और यही वजह है कि लोग आम आदमी पार्टी के साथ हैं।












Click it and Unblock the Notifications