भाजपा पर बरसे भगवंत मान, बोले- इन्हें सिर्फ तोड़ना और खरीदना आता है
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन लोगों को सिर्फ दूसरी पार्टी के सांसद, विधायकों को तोड़ना और खरीदना आता है।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में 829 मोहल्ला क्लीनिक अबतक हो चुके हैं, सवा करोड़ लोग वहां आकर दवा लेकर जा चुके हैं, टेस्ट करवा चुके हैं। लेकिन जो केंद्र सरकार है वो दिल्ली के साथ जो व्यवहार कर रही है, वो मैं बताना चाहता हूं। अरविंद केजरीवाल जब भी अच्छा काम करते हैं उसे उसी वक्त रोक देते हैं। मोहल्ला क्लीनिक की दवाएं रोक ली, मोहल्ला क्लीनिक की बिजली काट दी, स्कूल जो बन रहे थे, उसे रोक दिया। बात-बात में सुप्रीम कोर्ट जा रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट दिल्ली सरकार के पक्ष में फैसला देती है, इसे भी ये लोग अध्यादेश लाकर रोक देते हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि आप उन लोगों को वोट देंगे जो आपका काम रोक रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी बिजली मौलिक अधिकार है, इसे भी ये लोग रोक रहे हैं। दिल्ली के लोगों को क्या ये लोग दूसरे देश का समझते हैं। दिल्ली के सातों सांसद सिर्फ गालियां देते हैं। मैं दिल्लीवालों से विनती करता हूं कि अरविंद केजरीवाल अकेले लड़ रहे हैं, अगर उन्हें 7 सांसद यहां से दे दोगे तो उन्हें सात हाथ और मिल जाएंगे।
पंजाब से हम 13 सीटें ला रहे हैं, कुरुक्षेत्र से हम जीत रहे हैं, असम में लड़ रहे हैं। 10 हमारे पहले राज्यसभा के हैं। जब हमारी गिनती संसद के दोनों सदनों में 30-40 हो जाएगी तो एक राजनीतिक ताकत बनती है। जब ये इकट्ठा होकर दिल्ली के हक के लिए लड़ेंगे तो किसी मां के लाल में हिम्मत नहीं है कि दिल्ली के काम को रोक ले या पंजाब का पैसा रोक ले। हमारे 8000 करोड़ को इन लोगों ने रोख रखा है। ये लोग डबल इंजन की सरकार कहते हैं। पिछले दिन देखा था ना कठुआ से बिना इंजन के ट्रेन आ गई थी।
हमारे पास 92 सीटें हैं, केजरीवाल के पास 62 सीटें हैं, अगर कम सीटें होती तो तोड़ देते ये लोग, देखिए हिमाचल में क्या कर रखा है। इन्हें यही आता है, किसको तोड़े, कैसे खरीदें। आधे से ज्यादा मीडिया, विधायक सांसदों को इन लोगों ने खरीद लिया है। इन्हें लगता है कि इनके बिना कुछ होगा ही नहीं। दिल्ली सबसे ज्यादा टैक्स देने वाला शहर है। आपके टैक्स का पैसा कहां जा रहा है। इन लोगों ने सेवन स्टार कार्यालय बना रखा है। ये यहां बैठकर दिल्ली के लोगों के खिलाफ फैसला लेते हैं।
भगवंत मान ने कहा कि ये लोग चुनते नहीं है, ये लोग चुने हुए लोगों को खरीद लेते हैं। इन लोगों ने लोकतंत्र को पंसारी की हड्डी बनाकर रख दिया है। मैं कहना चाहता हूं कि केजरीवाल के हाथ को मजबूत कीजिए। ये लोग ईडी का नोटिस भेजते हैं, लेकिन कारण नहीं बताते हैं कि आखिर क्यों बुला रहे हैं। आखिर दिल्ली, पश्चिम बंगाल, पंजाब राज्यों के राज्यपाल क्यों चिट्ठी लिखते हैं। कभी यूपी के गवर्नर क्यों नहीं लिखते हैं कि योगी ने इतना कर्जा क्यों ले रखा है।












Click it and Unblock the Notifications