कैप्टन जब पंजाब के CM थे तो इस मुद्दे पर कांग्रेस का कर रहे थे बचाव, अब खुद उठा रहे हैं सवाल
सियासी गलियारों में यह चर्चाएं ज़ोरों पर हैं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
चंडीगढ़, 8 दिसंबर 2021। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस से इस्तीफ़ा देने के बाद अपनी नई सियासी पार्टी बना चुके हैं। सोमवार को चंडीगढ़ में उनकी पार्टी के दफ़्तर का उद्घाटन भी हो गया। इसी के साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनावी रण में उतरने के लिए तैयारी में भी जुट गए हैं। सियासी गलियारों में यह चर्चाएं ज़ोरों पर हैं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। ग़ौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह 1984 के सिख विरोधी दंगों के जिस मुद्दे पर अब तक कांग्रेस का बचाव करते आ रहे थे। अब इसी मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए नज़र आ रहे हैं।

कैप्टन बन सकते हैं कांग्रेस के लिए चुनौती
कैप्टन अमरिंदर सिंह जब कांग्रेस में मुख्यमंत्री थे तो सिख दंगे के मुद्दे पर कांग्रेस का बचाव करते आ रहे थे लेकिन अपनी पार्टी बनाते ही कैप्टन कांग्रेस सरकार पर हमलावर हैं। सियासी जानकारों की मानें तो कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस की हर कमज़ोर कड़ी से वाक़िफ़ हैं। चुनाव प्रचार के दौरान वह पंजाब कांग्रेस की उन्हीं कमज़ोर कड़ी को भुनाने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस आलाकमान ने विधानसभा चुनाव के लिए अजय माकन को स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया है। इस पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस आलाकमान के फ़ैसले को ग़लत बताते हुए तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस की कार्यशैली पर कैप्टन ने उठाए सवाल
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि ललित माकन 1984 के सिख विरोधी दंगों के मुख्य आरोपितों में से एक थे और अजय माकन उनके भतीजे हैं। कांग्रेस आलाकमान ने यह ग़लत फ़ैसला लिया है। उन्होंने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार गुनहगार सज्जन कुमार को सजा दिलाने की तैयारी कर रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस आलाकमान की तरफ़ से पंजाब के लिए माकन को इनाम दिया जा रहा है। कैप्टन ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस ने अजय माकन को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अहम ज़िम्मेदारी दी है यह पंजाबियों के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
Recommended Video

राहुल गांधी के बचाव में कैप्टन का बयान
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि अजय माकन को स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाने का फ़ैसला पंजाब में कांग्रेस के लिए बगावत का सबब बन सकता है। वह स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख बनने लायक इंसान नहीं हैं इसके बावजूद अंबिका सोनी और सुनील जाखड़ जैसे वरिष्ठ नेताओं को उनके अधीन रखा गया है। ग़ौरतलब है कि राहुल गांधी को जब शिरोमणि अकाली दल इस मुद्दे पर घेरता था तो कैप्टन राहुल गांधी का बच्चा होने का हवाला देते हुए उनके बचाव में नज़र आते थे। कैप्टन कहते थे कि 1984 के दंगे के दौरान राहुल गांधी सिर्फ़ दस साल के बच्चे थे। इसलिए राहुल गांधी को इस मामले से दूर रखना चाहिए। अब अपनी सियासी पार्टी बनाने के बाद कैप्टन सिख विरोधी दंगे पर कांग्रेस से को घेरते हुए नज़र आ रहे हैं।

कांग्रेस पर शिअद ने साधा निशाना
शिरोमणि अकाली दल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि 1984 के सिख कत्लेआम के लिए जिम्मेदार वरिष्ठ नेताओं के परिजनों को गांधी परिवार अहम जिम्मेदारियां दे रहा है। पंजाब में कांग्रेस ने अजय माकन स्क्रिनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाकर यही संदेश दिया है कि वह ऐसे तत्वों को संरक्षण देती रहेगी। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी सियासी पार्टियां एक दूसरे दलों की कमियां उजागर कर मतदाताओं को अपने पाले में करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। अब देखना यह होगा कि विधानसभा चुनाव में विपक्षी दल किस तरह से कांग्रेस के वोट बैंक में सेंधमारी कर पाएगा।
ये भी पढ़ें : पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले विवादों में नहीं घिरना चाहती चन्नी सरकार, इसलिए वापस लिया ये फ़ैसला












Click it and Unblock the Notifications