भाजपा छोड़ते अन्नामलाई से 24 घंटे में जुड़ गए 14 लाख लोग, TVK ने कसा तंज- जनता हर री-रिलीज फिल्म नहीं देखती
Annamalai New Political Movement: तमिलनाडु की राजनीति में के. अन्नामलाई ने बड़ा धमाका किया है। भाजपा से इस्तीफा देते ही उन्होंने अपना नया आंदोलन शुरू किया है। जिसका नाम 'We the Leaders' रखा गया है। शुरुआती 10 घंटों में ही 10 लाख लोग जुड़े वहीं शनिवार शाम तक महज 24 घंटे में 14.43 लाख लोग साथ आ चुके हैं। यह संख्या अब तेजी से आगे बढ़ रही है।
TVK ने कसा तंज- जनता हर री-रिलीज फिल्म नहीं देखती
हालांकि तमिलनाडु में पार्टी गठन के एक साल के अंदर ही सत्ता में आई विजय थलापति की TVK की सरकार ने इस कदम को खास नहीं माना। स्वास्थ्य मंत्री के.जी. अरुणराज ने बड़े तीखे बोल बोले हैं। उन्होंने इसे महज 'एक और री-रिलीज' फिल्म बताया है। मंत्री के मुताबिक, जनता हर री-रिलीज फिल्म नहीं देखती। उन्होंने अन्नामलाई की राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं।

क्यों भाजपा से दिया इस्तीफा?
अन्नामलाई ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दिया। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। अन्नामलाई ने इस्तीफे के लेटर में पार्टी नेतृत्व से मतभेदों का खुलकर जिक्र किया। पिछले 18 महीनों से शीर्ष नेतृत्व से राय नहीं मिली। अन्नामलाई तमिलनाडु की संस्कृति के अनुसार राजनीति चाहते थे। उन्होंने कहा कि वह नेतृत्व पर बोझ नहीं बनेंगे। दोनों की सोच में अब बड़ा अंतर आ गया है। इस वजह से उन्होंने अलग रास्ता चुना।
पूर्व IPS अधिकारी हैं अन्नामलाई
पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई 2020 में बीजेपी में आए थे। मात्र 37 साल की उम्र में वे प्रदेश अध्यक्ष बने। अब उन्होंने स्वतंत्र रहने का फैसला किया है। उन्होंने 2031 का चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। वे बीजेपी को अन्य दलों जैसा ही मानेंगे।
भाजपा छोड़ते ही 'जॉइन द मूवमेंट' शुरू किया
लोग उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जुड़ रहे हैं। वहां 'जॉइन द मूवमेंट' का विकल्प दिया गया है। अपना नाम, फोन नंबर और ईमेल डालना होगा। ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद यूजर्स को आईडी मिलेगी। पूरी वेबसाइट की प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है। लोग लगातार इसे ज्वाइन कर रहे हैं।
अन्नामलाई एक नया राजनीतिक संस्थान बनाना चाहते हैं। उन्होंने इसके लिए कई नियम भी सोचे हैं। वह चाहते हैं कि नेता बनने के नियम हों। एक व्यक्ति एक ही पद बार-बार न संभाले। विधायक या सांसद चुनाव की भी सीमा तय होगी। वह एक ठोस राजनीतिक आधार बनाना चाहते हैं।
'मारुवोम, मातृवोम' का मूल मंत्र लेकर चल रहे
वे 'मारुवोम, मातृवोम' का मूल मंत्र लेकर चल रहे हैं। इसका मतलब है खुद को बदलें और बदलाव लाएं। वह राजनीति में बड़ा सुधार लाना चाहते हैं। उन्होंने जनता से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की है। लोग इसे राज्य के भविष्य से जोड़कर देख रहे हैं।
अभिलाष गोपीनाथ ने इस्तीफा दिया
इस फैसले का असर दिखना शुरू हो गया है। भाजपा युवा मोर्चा के अभिलाष गोपीनाथ ने इस्तीफा दिया। उन्होंने अन्नामलाई के साथ जाने का फैसला किया है। गोपीनाथ उनकी ईमानदारी और नेतृत्व से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने अन्नामलाई के दृष्टिकोण का समर्थन करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications