पंजाब: कैप्टन पहुंचे चंडीगढ़, एक दिन बाद ही CM चन्नी ने क्यों दी दिल्ली में दस्तक, समझिए सियासी गणित
पंजाब कांग्रेस अंतर्कलह से जूझ रही है। इसी क्रम में पंजाब के नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सियासी घमासान को शांत करने की पुरज़ोर कोशिश कर रहे हैं।
चंडीगढ़, अक्टूबर 1, 2021। पंजाब में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सभी सियासी पार्टियां जुटी हुई हैं। वहीं पंजाब कांग्रेस अंतर्कलह से जूझ रही है। इसी क्रम में पंजाब के नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सियासी घमासान को शांत करने की पुरज़ोर कोशिश कर रहे हैं। नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा देने के बाद सीएम चन्नी ने गुरुवार को नवजोत सिंह सिद्धू के साथ बैठक की। यह बैठक चंडीगढ़ पंजाब भवन में हरीश चौधरी की मौजूदगी में हुई जिसमें सीएम चन्नी और सिद्धू के बीच कुछ मुद्दों पर सहमति बनी लेकिन कई मुद्दों पर अभी भी बात नहीं बनी है।

इस तरह से बिगड़े हालात
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद ये क़यास लगाए जा रहे थे कि पंजाब कांग्रेस हालात बेहतर होंगे लेकिन हालात और बदतर हो गए। नवनियुक्त सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की तरफ़ से की गईं नियुक्तियों को लेकर कई पदों पर नवजोत सिंह सिद्धू और चरणजीत सिंह चन्नी के बीच में मतभेद हो गया और सिद्धू ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफ़ा सौंप दिया। इस्तीफ़ा में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार में कई पदों पर दागियों की नियुक्तियां की गई हैं। उस नियुक्तियों में कैबिनेट मंत्री, एडवोकेट जनरल, डीजीपी आदि के नाम शामिल थे। सूत्रों की मानें तो नवजोत सिंह सिद्धू और सीएम चन्नी की बैठक में कुछ मुद्दों पर सहमति बनी लेकिन कई मुद्दों पर अभी भी सहमति नहीं बनी है। एडवोकेट जनरल और डीजीपी को हटाने को लेकर सिद्धू अड़े हुए हैं। वहीं चरणजीत सिंह चन्नी ने साफ़ कर दिया है कि जिन मुद्दों पर नवजोत सिंह सिद्धू को ऐतराज़ है, उन पर स्पेशल सॉलिसिटर को लगाया जा सकता है। लेकिन एडवोकेट जनरल को नहीं हटाया जाएगा। वहीं जिन मुद्दों पर सीएम चन्नी और सिद्धू के बीच में सहमति नहीं बनी है उस पर कांग्रेस आलाकमान फ़ैसला करेगा।

चन्नी और सिद्धू की बैठक
मुख्यमंत्री चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच चंडीगढ़ पंजाब भवन में काफ़ी देर तक बैठक हुई। पंजाब सरकार में हुईं नियुक्तियों को लेकर दोनों के बीच चर्चा हुई। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने नवजोत सिंह सिद्धू की कुछ मांगों को मान लिया है। वहीं नवजोत सिंह सिद्धू को बैठक में जानकारी दी गई कि आईपीएस सहोता अभी डीजीपी के तौर पर काम कर रहे हैं, उन्हें अतिरिक्त पद भार दिया गया है। आपको बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू ने बैठक से पहले ट्वीट करते हुए सहोता पर भी सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा था डीजीपी आईपीएस सहोता बादल सरकार के तहत बेअदबी मामले की जांच कर रही एसआईटी के प्रमुख थे। दो सिख युवकों को बेअदबी के लिए उन्होंने ग़लत तरीक़े से आरोपित किया और बादल को क्लीन चिट दे दी। उन्होंने कहा कि साल 2018 में मैंने कांग्रेस के मंत्रियों, तत्कालीन पीसीसी अध्यक्ष और वर्तमान गृह मंत्री के साथ न्याय की लड़ाई में साथ देने का वादा किया था।

CM चन्नी ने की क़रीब दो घंटे बात
सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू की बैठक से पंजाब कांग्रेस में पैदा हुए कलह पर थोड़ा वीराम लगता दिख रहा है। दोनों के बीच क़रीब दो घंटे तक बातचीत हुई जिसमें मुख्यमंत्री चन्नी ने सिद्धू की कुछ मांगें मान ली हैं। आपको बता दें कि पूरा विवाद मंगलवार को उस वक्त शुरू हुआ जब अचानक नवजोत सिंह सिद्धू ने कई नियुक्तियों के चलते पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। नवजोत सिंह सिद्धू पटियाला से लगातार आगे की रणनीति तैयार कर रहे थे। नवजोत सिद्धू के इस्तीफ़ा देते ही पंजाब कांग्रेस में इस्तीफ़ों का दौर शुरू हो गया था। पंजाब सरकार में मंत्री रजिया सुल्ताना समेत कई अन्य कांग्रेसी नेताओं ने इस्तीफा दे दिया था। वहीं कांग्रेस आलाकमान की तरफ़ से नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर कड़ा रुख एख़्तियार करने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने यह जानकारी दी थी कि वह सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से मुलाकात करने जा रहे हैं। सीएम और सिद्धू की बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस की फ़िजा में बदलाव नज़र आ रहा है।

CM चन्नी ने की PM मोदी से मुलाक़ात
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। सीएम पद की शपथ लेने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी की पीएम से यह पहली मुलाकात है। सीएम चन्नी और पीएम मोदी के बीच बैठक करीब एक घंटे चली। पीएम मोदी से बैठक के बाद सीएम चन्नी ने कहा कि, मैंने किसानों से उन्हें बात शुरू करने की बात की। मैंने कोविड की वजह से बंद हुए भारत-पाकिस्तान कॉरिडोर को तुरंत खोलने के लिए कहा है ताकि श्रद्धालु वहां जाकर अपनी श्रद्धा सुमन भेंट कर सकें। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि, मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री के साथ सौजन्य भेंट थी, अच्छे माहौल में बातचीत हुई। मैंने उसके साथ 3 मुद्दे साझा किए हैं। सबसे पहले, पंजाब में आमतौर पर 1 अक्टूबर को खरीद सीजन शुरू होता है, लेकिन इस साल केंद्र ने इसे 10 अक्टूबर को शुरू करने का फैसला किया है। मैंने उनसे अभी खरीद शुरू करने का अनुरोध किया है।

कृषी कानूनों को वापस लेने की मांग
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से तीन बिल का झगड़ा खत्म करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से तीन कृषी कानूनों को वापस लेने की मांग की है। इसके अलावा मैंने उनसे कोविड की वजह से बंद हुए भारत-पाकिस्तान कॉरिडोर को तुरंत खोलने के लिए कहा है ताकि श्रद्धालु वहां जाकर अपनी श्रद्धा सुमन भेंट कर सकें। यह पीएम मोदी और सीएम चन्नी की पहली मुलाकात है। चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस हाईकमान से भी मिल सकते हैं। माना जा रहा है कि, उनकी मुलाकात राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के साथ हो सकती है। इस दौरान सीएम चन्नी नवजोत सिंह सिद्धू से हुई बातचीत का ब्योरा दे सकते हैं। सीएम चन्नी और राहुल गांधी की इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषक इस मुकालात के बाद पंजाब में नए समीकरण बनने की उम्मीद लगा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: पंजाब: CM के पास वक़्त कम और काम ज़्यादा, जानिए कौन से मुद्दे हैं चरणजीत चन्नी के लिए चुनौती ?












Click it and Unblock the Notifications