मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विश्वकर्मा जयंती की दी बधाई, बोले-ईश्वर से प्रार्थना है कि आपकी कमाई बढ़े
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विश्वकर्मा दिवस की बधाई दी है। मुख्यंत्री ने एक्स पर पोस्ट करके इसकी बधाई दी है, उन्होंने लिखा, श्रम के देवता भगवान विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर सभी हाथ से काम करने वाले श्रमिकों को बधाई। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपकी कमाई बढ़े, स्वास्थ्य और प्रगति बनी रहे, औज़ारों पर हाथों की पकड़ मजबूत हो, आपके लिए यह विशेष दिन है सभी को बहुत-बहुत बधाई।
बता दें कि दिवाली के अगले दिन विश्वकर्मा पूजा होती है। शास्त्रों के अनुसार ब्रह्मा जी ने इस संसार की रचना की थी और इस संसार को खूबसूरत बनाने का काम भगवान विश्वकर्मा जी ने किया था। ब्रह्माजी के पुत्र धर्म से वास्तुदेव उत्पन्न हुए थे। वास्तुदेव की अंगिरसी नामक पत्नी ने विश्वकर्मा को जन्म दिया था। भगवान विश्वकर्मा को दुनिया का पहला इंजीनियर और वास्तुकार माना जाता है।

विश्वकर्मा दिवस के मौकेपर औजारों, निर्माण कार्य से जुड़े यंत्र-मशीनों, दुकानों, कारखानों की पूजा होती है। विश्वकर्मा जी को यंत्रों का भगवान माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि प्राचीन काल में देवताओं के महल और अस्त्र-शस्त्र भगवान विश्वकर्मा जी ने ही बनाए थे। यही वजह है कि उन्हें निर्माण का देवता कहा जाता है।
मान्यता है कि ब्रह्माजी के निर्देश पर ही भगवान विश्वकर्मा ने इंद्रपुरी, त्रेता में रावण की लंका, द्वापर युग में द्वारिका और हस्तिनापुर का निर्माण किया था। वहीं कलयुग मे जगन्नाथपुरी का भी निर्माण भगवान विश्वकर्मा ने किया था। इसके अलावा भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र, शिव जी का त्रिशूल, पुष्पक विमान, भगवान इंद्र का वज्र भी भगवान विश्वकर्मा ने बनाया था।












Click it and Unblock the Notifications