जहरीली शराब बेचने वालों के खिलाफ चलेगा हत्या का केस: भगवंत मान
पंजाब के संगरूर जिले में जहरीली शराब पीने से पिछले कुछ दिनों में कई लोगों की मौत हुई है। जहरीली शराब पीने से हुई मृत्यु के बाद एक पीड़ित परिवार से मिलने के लिए खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके घर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवारों से मुलाकात करेक उन्हें हर वक्त मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मासूम लोगों के इन हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा। ये मौतें नहीं हैं, हत्या हैं। उन्हें कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी।
इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि इन गरीब परिवारों से मिलकर आया हूं। किसी का बच्चा केजी में है, किसी का पांचवी कक्षा में है। मुझे इन परिवारों के साथ अफसोस है। इन परिवारों पर दुख का पहाड़ टूटा है।

मैं मुख्यमंत्री हूं, ये मेरा फर्ज है, इन परिवारों को मैं संभालूंगा। लेकिन कहना चाहता हूं कि जिसने भी यह किया है, उनके खिलाफ हत्या का केस चलाया जाएगा। किसी को जहर देके मारना हत्या है। इन लोगों के खिलाफ 302 का केस चलाया जाएगा। ये लोग कई शहरों में ये सब कर रहे हैं, इन सभी के खिलाफ हत्या का केस चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेरा फर्ज है कि आपके दुख में शामिल होऊं। मैं चाहता हूं कि पंजाब के लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठे, बच्चों को नौकरियां मिले। किसी की सिफारिश ना चले। किसी के साथ ऐसा ना हो कि उसके पास सिफारिश नहीं थी तो उसे नौकरी नहीं मिली। भगवंत मान ने कहा कि आप जिसे भी वोट देना चाहते हो, वोट दो,लेकिन मैं आपसे अपील करता हूं कि आप किसी से पैसा लेकर, शराब लेकर वोट ना दो।












Click it and Unblock the Notifications