'ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीतने पर मिलेगा NRI से शादी करने का मौका', बठिंडा में लगे पोस्टर्स, FIR दर्ज
पंजाब के बठिंडा में जगह-जगह पोस्टर्स चर्चा का विषय बन गए हैं। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। दरअसल, इन पोस्टर्स पर विज्ञापन में कहा गया था कि 23 अक्टूबर को एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट का आयोजन करवाया जा रहा है। जीतने वाली लड़की को कनाडा के एनआरआई से शादी करने का मौका दिया जाएगा। इन पोस्टर्स को लेकर विवाद उठने के बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

बीजेपी नेता ने की थी शिकायत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन पोस्टर्स को लेकर बीजेपी नेता सुखपाल सिंह श्रा ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ब्यूटी कॉन्टेस्ट ऑर्गनाइज करने वाले दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली एसएचओ ने बताया कि सुरिंदर सिंह और राम दयाल सिंह नाम के दो ऑर्गनाइजर को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

भोली-भाली युवतियों को फंसाने की थी एक चाल
पुलिस का मानना है कि सौंदर्य प्रतियोगिता कनाडा में प्रवास करने की कोशिश कर रही भोली-भाली युवतियों को फंसाने की एक चाल थी। पोस्टर्स में घोषणा की गई थी प्रतियोगिता केवल 'सामान्य जातियों' की महिलाओं के लिए है, यहां तक कि 'एनआरआई दूल्हे' को 'सामान्य जाति' के रूप में बताया गया था। यह कार्यक्रम 23 अक्टूबर को एक होटल में होने वाला था।

कनाडा के नाम पर ठगी का शिकार हो रहे लोग
आयोजकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 501, 509 और 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें, पंजाब में कनाडा में प्रवास करने के लिए लोगों में क्रेज है। बीते सालों में कई ऐसे मामले सामने आए जब कनाडा जाने के वादे के साथ फर्जी शादी के बाद लोग ठगी का शिकार हुए हैं। पंजाब में एनआरआई से शादी के नाम पर हो रही धोखाधड़ी को देखते हुए सरकार ने कुछ साल पहले जागरुकता कार्यक्रम भी चलाया था। इसके तहत लोगों सुझाव दिए गए कि विदेश में अपनी लड़कियों की शादी से पहले विदेश में रहने वाले लड़कों की ठीक ढंग से जांच-पड़ताल कर लें।












Click it and Unblock the Notifications