'पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमले मामले में होगी कड़ी कार्रवाई', तरनतारन अटैक पर बोले अरविंद केजरीवाल
पंजाब के तरनतारन में सरहाली पीएस में आरपीजी हमले पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब के तरनतारन में सरहाली पीएस में आरपीजी हमले को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जब से आप सत्ता में आई है, पंजाब में बड़े गैंगस्टर पकड़े गए हैं। साथ ही पुराने दलों के संरक्षण में काम करने वालों को भी पकड़ा गया है। ऐसे में इस मामले में भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बदमाशों ने रॉकेट लॉन्चर से किया हमला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ अज्ञात बदमाशों ने शुक्रवार और शनिवार की रात पंजाब के तरनतारन के सरहाली पुलिस स्टेशन पर रॉकेट से चलने वाले ग्रेनेड से हमला कर दिया था। पुलिस के मुताबिक यह हमला अमृतसर-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पुलिस थाने पर शनिवार देर रात करीब एक बजे किया गया।
कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं
सूत्रों के मुताबिक रॉकेट थाने के लोहे के गेट में घुस गया और अंदर की दीवार से जा टकराया। जिसकी वजह से गेट थोड़ा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गनीमत रही कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों को कोई चोट नहीं आई। वहीं, घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गुरमीत सिंह चौहान और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं, पुलिस थाने से ग्रेनेड भी बरामद कर लिया गया है।
पिछले सात महीने में इस तरह की दूसरी घटना
पंजाब में पिछले सात महीने में यह दूसरी ऐसी घटना है, जहां पुलिस थाने पर रॉकेट से हमला किया गया है। इससे पहले 9 मई को मोहाली में पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर आरपीजी अटैक किया गया था। मोहाली आरपीजी हमले का मास्टरमाइंड कनाडा का कुख्यात गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लांडा बताया जा रहा था। फिलहाल अभी वह फरार है। उस पर 30 से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें- अरविंद केजरीवाल हिंदुस्तान के सबसे बड़े झूठ बोलने वाले राजनेता : गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा












Click it and Unblock the Notifications