पंजाब में इलेक्शन से पहले BJP की 'पौ बारह', AAP सांसद सुशील रिंकू ने थामा कमल
Sushil Kumar Rinku Join BJP: लोकसभा चुनाव से पहले पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। AAP से जालंधर के सांसद सुशील कुमार रिंकू दिल्ली में बीजेपी में शामिल हो गए। बुधवार को दिल्ली में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली।
इसी के साथ जालंधर ईस्ट से आप विधायक शीतल अंगूरल ने भी बीजेपी ज्वाइन कर ली है। बता दें कि रिंकू को आप ने जालंधर से टिकट देने की घोषणा कर दी थी, लेकिन सुशील रिंकू ने आप का टिकट ठुकराकर पाला बदल लिया है।

बीजेपी में शामिल आप का इकलौता सांसद
दरअसल, पिछले साल ही जालंधर सीट पर उपचुनाव के दौरान सुशील रिंकू ने आप में शामिल होने के बाद चुनाव जीता था। और बीते साल बतौर सांसद सदस्यता शपथ ग्रहण की थी। लेकिन अब लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने पार्टी बदल ली।
#WATCH | AAP MP from Jalandhar (Punjab) Sushil Kumar Rinku and partys MLA in the state Sheetal Angural join the BJP, in Delhi. pic.twitter.com/j6XeEhlejy
— ANI (@ANI) March 27, 2024
बीजेपी में शामिल होने के बाद सुशील कुमार रिंकू ने कहा, "मैंने जालंधर के विकास और तरक्की के लिए यह फैसला लिया है। हम जालंधर को आगे लेकर जाएंगे। हम केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को जालंधर में लाएंगे।"
वहीं अपनी पुरानी पार्टी आप पर निशाना साधते हुए सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि, "यह सच है कि मैंने जालंधर के लोगों से जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए क्योंकि मेरी पार्टी (आप) ने मेरा समर्थन नहीं किया। मैं पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कार्यशैली से प्रभावित हूं।"
आप विधायक भी बीजेपी में शामिल
बीजेपी में शामिल होने पर पूर्व आप नेता शीतल अंगुराल ने कहा, " अब उन्हें (आप) बेनकाब करने का समय आ गया है। आप ने पंजाब के लोगों से झूठ बोला है। मैं जल्द ही ऑपरेशन लोटस के संबंध में सबूत लाऊंगा।"
पंजाब बीजेपी प्रमुख सुनील जाखड़ ने कहा, "कांग्रेस और आप एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। सुशील रिंकू आज पार्टी में शामिल हुए। वह (आप) के एकमात्र लोकसभा सांसद हैं और आप को शर्म आनी चाहिए।"
कांग्रेस से AAP में आए और अब बीजेपी में शामिल
5 अप्रैल 2023 को कांग्रेस छोड़ सुशील रिंकू आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। जिसके बाद आप ने उनको उपचुनाव में उम्मीदवार घोषित किया। पहली बार सांसद बने रिंकू ने एक साल से भी कम दिन में एक बार फिर पार्टी बदल ली।
पंजाब में बढ़ रहा बीजेपी का कुनबा
आपको बता दें कि पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता, विधायक और सांसद लगातार बीजेपी जॉइन कर रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को ही लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू ने बीजेपी ज्वाइन की थी। बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं। इसके अलावा पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर ने भी हाल ही में भाजपा ज्वाइन की थी।












Click it and Unblock the Notifications