पंजाब: विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र AAP का मास्टर स्ट्रोक, महिला वोटर से किया ये वादा
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी अपनी चुनावी घोषणा कर पंजाब की जनता से आए दिन नए-नए वादे कर रहे हैं।
चंडीगढ़, 22 नवम्बर 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी सियासी पार्टियां तैयारियों में जुटी हुई हैं । पंजाब में भारतीय जनता पार्टी सियासी ज़मीन मज़बूत करने में नाकाम साबित हो रही थी। सभी पांच राज्यों में चुनाव के मद्देनज़र किसान आंदोलन की वजह से केंद्र की भाजपा सरकार की मुश्किलें दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही थी। इसी को देखते हुए पीएम मोदी ने कृषि कानूनों को वापस लेने का फ़ैसला किया है। पंजाब में आम आदमी पार्टी के चुनावी मुद्दे को सीएम चन्नी अमलीजामा पहनाने की पुरज़ोर कोशिश कर रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी अपनी चुनावी घोषणा कर पंजाब की जनता से आए दिन नए-नए वादे कर रहे हैं।

केजरीवाल का एक और वादा
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज (सोमवार) को पंजाब के मोगा में जनता से मुखातिब होते हुए कहा कि अगर 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत कर आम आदमी पार्टी सत्ता में आती है तो पंजाब में हर महिला के खाते में एक हजार रुपए प्रति माह भेजे जाएंगे। अरविंद केजरीवाल ने मुफ्त सेवाओं के अपने वादों की लिस्ट में एक और वादा जोड़ते हुए कहा कि मैं आज एक घोषणा कर रहा हूं कि पंजाब में अगर आम आदमी पार्टी सरकार बनेगी तो राज्य में 18 साल से ज़्यादा उम्र की हर महिला के खाते में हर महीने एक हजार रुपए भेजे जाएंगे।' उन्होंने यहां एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिन बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन मिल रही है, उन्हें भी यह राशि दी जाएगी।

दो दिवसीय दौरे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल अपने दो दिवसीय दौरे पर आज पंजाब पहुंचे हैं। आम आदमी पार्टी के 'मिशन पंजाब' के तहत केजरीवाल आगामी राज्य विधानसभा चुनावों के लिए समर्थन जुटाने के मकसद से अगले एक महीने में राज्य के विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे। ग़ौरतलब है कि आम आदमी पार्टी का गठन 2012 में हुआ था और पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी मुख्य विपक्षी दल बनी थी। आम आदमी पार्टी पंजाब के नेताओं को यह उम्मीद थी कि उनकी पार्टी पंजाब में और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी। केजरीवाल ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के सत्ता में आने पर पंजाब में हर घर को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने, 24 घंटे बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने और सरकारी अस्पतालों में उपचार एवं दवाएं नि:शुल्क मुहैया कराने का भी वादा किया है। अरविंद केजरीवाल के पंजाब दौरे से पंजाब की सियासी गलियारों में हलचल मची हुई है सभी सियासी दलों की निगाह केजरीवाल की घोषणा पर टिकी हुई है।
Recommended Video

'हर विधानसभा का होगा विकास'
आम आदमी पार्टी के विधायक कुलतार सिंह सांधवा ने कहा कि अगर पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में आती है तो सबसे पहले स्वास्थ्य, शिक्षा और रोज़गार के मुद्दे पर काम किया जाएगा। सरकारी महकमे मे काम करवाने के लिए जो आम आदमी को परेशानी उठानी पड़ती है उसे ठीक करवाया जाएगा। सरकार विभाग की कमियों को दूर की जाएगी। किसी भी काम को करवाने के लिए लोगों को चंडीगढ़ जाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी उनका काम उनके ही ज़िले में हो जाएगा। जिस तर्ज़ पर दिल्ली का विकास अरविंद केजरीवाल ने किया है उसी तर्ज़ पर पंजाब के हर हलके का विकास किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : PM मोदी के मास्टर स्ट्रोक के बाद भी पंजाब में नहीं मिलेगा भाजपा को फ़ायदा, जानिए क्या है वजह ?












Click it and Unblock the Notifications