आम खिलाने का लालच देकर 10 साल की बच्ची को ट्यूबवेल पर ले गया शख्स, दुष्कर्म के बाद हुआ फरार
बटाला। पंजाब में जिला बटाला के एक गांव में 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म किया गया। गांव का शख्स उस बच्ची को आम का लालच देकर ट्यूबवेल पर ले गया था, बाद में जब घर लौटी तो माता-पिता को घटना का पता चला। बच्ची की मां ने अपनी पड़ोसन को बताया, तब पड़ोसन ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर-181 पर कॉल की। सारी जानकारी लेकर थाना रंगड़ नंगल की पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

डीएसपी सिटी ने कहा- जल्द पकड़ेंगे
डीएसपी सिटी परविंदर कौर ने बताया कि, इस मामले में नामजद आरोपी फरार हो गया है। उन्होंने कहा कि, उसे जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। वहीं, पुलिस को दिए बयान में बच्ची के पिता ने लिखवाया कि, पत्नी को बेटी ने अपने साथ हुई आपबीती बताई थी। गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे ट्यूबवैल पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

यौन शोषण करके किया ब्लैकमेल
गुरदासपुर के निकट कलानौर पुलिस थाना क्षेत्र में एक महिला से यौन शोषण कर उसके अश्लील वीडियो नेट पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि, पति करीब दो साल पहले विदेश जा चुका। ऐसे में कुछ समय से वह बेटी और मां के साथ नए घर में रहने लगी। इस दौरान एक अनजान व्यक्ति फोन पर बातचीत करने लगा। बाद में पता चला कि वो शख्स परमजीत सिंह निवासी नबीनगर, थाना कोटली सूरत मल्ली है। करीब दो माह पहले वो घर पर आ गया, तब मां पास में नहीं थी। उसने बलात्कार किया और अश्लील वीडियो बना लिया। फिर वीडियो को नेट पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। इसी बहाने वह 1 लाख 75 हजार रुपए, सोने की चेन और दो अंगूठियां ले चुका था। फिर और पैसे मांगने लगा। अब पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications