विदेशी युवती के साथ पुणे के प्रेमी ने किया कंपाने वाला काम, Instagram ने बचाई जान
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में एक ईरानी युवकी को सिगरेट से दागने और उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है। कोरेगांव पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बता दें कि आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 324, 342, 323, 504 और 506 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

पढ़ाई करने आई थी ईरानी युवती
जानकारी के अनुसार, ईरान के तेहरान की रहने वाली एक युवती पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पढ़ाई करने के लिए आई थी। बता दें कि युवती की पहचान नवंबर 2018 में एक दोस्ती के जरिए धनराज मोरारजी (47) से हुई और पहचान धीरे-धीरे प्यार में तब्दील हो गई। धनराज ने परवीन को प्यार के वादे किए, वह उसका बहुत ख्याल रखेगा और उसका पूरा आर्थिक खर्च उठाएगा। परवीन को भी धनराज पसंद था, उसने धनराज को हां बोल दिया। परवीन उसके बाद धनराज के साथ उसके घर पर रहने लगी। कुछ ही दिनों बाद मामूली विवादों के चलते धनराज परवीन से झगड़ा करने लगा। उसके साथ मारपीट करने लगा और एक दिन परवीन के गले में चाकू रखकर जान से मारने की धमकी भी दी।

किसी से भी नहीं करने देता था बात
ईरानी युवती ने आरोप लगाते हुए बताया कि धनराज उसे किसी से भी बात करने नहीं देता था। हमेशा युवती का मोबाइल चेक किया करता था। धनराज हमेशा मारपीट किया करता और बाद में परवीन से माफी भी मांगता था। उसके बाद वापस फिर से तकलीफ देता था। 22 दिसंबर को पुणे के कोरेगांव इलाके में होटल में दोनों खाना खाने गए थे। परवीन को वॉशरुम में इतनी देरी क्यों हुई, इस बात को लेकर होटल में ही उसके साथ मारपीट की थी। जिसके चलते होटल के मैनेजर ने बीच बचाव करते हुए परवीन और धनराज को होटल से बाहर निकाल दिया था।

दोस्त से मांगी मदद
घर आने के बाद परवीन को एक कमरे में बंद कर दिया था। उसके बाद परवीन ने सारी घटना की जानकारी अपनी एक दोस्त को इंस्टाग्राम के जरिए मैसेज करके दी। परवीन की दोस्त ने इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी और पुलिस ने युवती को धनराज के चुंगुल से छुड़वाया। धनराज यह पुणे के प्रसिद्ध उद्योगपति अरविंद मोरारजी का बेटा बताया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications