'मेरी हत्या की साजिश रच रहे राजा भैया...', कुंडा से सपा प्रत्याशी गुलशन यादव ने लगाया आरोप
प्रतापगढ़, 04 फरवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कुंडा सीट एक बार फिर चर्चा में आ गई है। दरअसल, कुंडा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी गुलशन यादव ने मौजूदा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गुलशन यादव का दावा है कि कुंडा विधायक राजा भैया उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। बता दें, कुछ दिनों पहले ही गुलशन यादव का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने राजा भैया को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी।

गुलशन यादव ने ट्वीट कर कहा कि राजा भैया के साथ ही एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह भी इस साजिश में शामिल हैं। गुलशन यादव ने कहा कि उनके साथ कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। कुंडा विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी गुलशन यादव ने राजा भैया पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए ट्वीट किया है। साथ ही इस ट्वीट में प्रतापगढ़ पुलिस और उत्तर प्रदेश के डीजीपी को भी टैग किया है। गुलशन यादव ने एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह पर भी कथित हत्या की साजिश रचने में शामिल होने का आरोप लगाया है।
गुलशन यादव ने ट्वीट कर लिखा गया है, मैं गुलशन यादव 246 विधानसभा कुंडा से सपा प्रत्याशी हूं, मेरी पत्नी श्रीमती सीमा यादव वर्तमान में चेयरमैन हैं, चुनाव में हार के डर से कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह, एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह मेरी हत्या की साजिश रच रहे हैं, कभी भी मेरे साथ अप्रिय घटना हो सकती है। बता दें, बीते दिनों पहले ही गुलशन यादव ने एक सभा में राजा भैया पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। कुंडा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से पहले ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
बता दें, साल 1993 से रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से लगातार निर्दलीय विधायक चुने जाते आ रहे हैं और सपा-बीजेपी के सहयोग से मंत्री भी बनते रहे। ऐसे में समाजवादी पार्टी ने पिछले ढाई दशक से कुंडा में राजा भैया के खिलाफ अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा। वो राजा भैया का समर्थन करती रही। लेकिन, इस बार सपा ने उनके खिलाफ अपना प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतार दिया है, जिससे राजा भैया के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications