यूपी: मंत्री आवास के बगल में व्यापारी की गोली मारकर हत्या, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
Pratapgarh news, प्रतापगढ़। यूपी के प्रतापगढ़ में बेखौफ बदमाशों ने सरेआम एक व्यापारी पर ताबड़तोड़ गोलियों से हमला कर दिया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री के घर के पास हुई वारदात
मामला कोतवाली के सदर बाजार क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री मोती सिंह के आवास के पास का है। बुधवार की शाम कर मार्बल व्यवसायी राजेश सिंह (50) अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी में थे। अचानक एक बाइक पर तीन नकाबपोश बदमाश आए और राजेश सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे।

इलाके में सनसनी, व्यापारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई। आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
पुलिस ने कहा- जल्द होगा मामले का खुलासा
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश मिश्रा का कहना है कि व्यवसायी की गोली मारकर हत्या की गई है। अज्ञात बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। मामले में जांच और हत्या की वजह का पता किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications