कुख्यात बदमाश विकास दुबे की गिरफ्तारी पर बिहार डीजीपी ने एमपी पुलिस को किया सैल्यूट
पटना। उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी विकास दुबे की गिरफ्तारी हो गई है। इस मामले पर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने मध्य प्रदेश पुलिस को सैलूट करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम विकास दुबे को लेकर अलर्ट थे। अगर वह यहां आता तो हम उसे पकड़ लेता। इसके अलावा डीजीपी ने कहा कि विकास दुबे इसलिए बिहार में नहीं घुसा क्योंकि मैंने कहा था कि अगर वह यहां आएगा तो भाग नहीं पाएगा।

बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने सोशल मीडिया पर कुख्यात अपराधी विकास दुबे को हीरो बताने वाले लोगों की भर्त्सना करते हुए कहा था कि उसको जाति विशेष का शेर कहना शर्मनाक है। उन्होंने कहा था कि क्या हम विकास दुबे की पूजा करें? यह कितना शर्मनाक है कि यह अपराधी आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर भाग निकला। क्या इस बार भी वह बच जाएगा? डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने यह बातें एक इंटरव्यू में कही थीं।
डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा था कि रेप, मर्डर जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम देने वाले को उसकी जाति के लोग ही हीरो बना रहे हैं। यही लोग ऐसे अपराधियों का नाम जपते हैं और अपराध की संस्कृति समाज में फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि 8 पुलिसकर्मियों ने अपने जीवन का बलिदान दिया है और आप विकास दुबे को शेर कह रहे हैं।

अगर विकास दुबे शेर है तो भगत सिंह, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और अशफाकुल्लाह खां क्या थे? डीजीपी ने लोगों से ऐसे अपराधियों को हीरो बनाकर अपराध की संस्कृति को बढ़ावा न देने की अपील की थी। बिहार मे विकास दुबे के छुपने की सूचना पर डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने कहा था कि अगर उसकी हिम्मत है तो वो बिहार में घुसकर दिखा दे। अगर वह यहां आ गया तो फिर बचकर निकल नहीं पाएगा।
उन्होंने कहा था कि सोशल मीडिया पर उनकी नजर एक पोस्ट पर पड़ी जिसमें विकास दुबे को एक जाति विशेष का शेर कहा गया था। उन्होंने कहा कि ऐसी बातों पर उनको बहुत गुस्सा आता है। विकास दुबे को गुरुवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कई दिनों से इस कुख्यात आरोपी की तलाश में जुटी थी।

जानकारी के मुताबिक विकास दुबे जब उज्जैन के महाकाल मंदिर जा रहा था, तब उसे एक सुरक्षाकर्मी ने पहचान लिया। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बता दें कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में कुख्यात अपराधी विकास दुबे और उसके साथियों से मुठभेड़ में डीएसपी देवेंद्र मिश्र समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। तभी से पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी।












Click it and Unblock the Notifications