बिहारः साली के प्यार ने जीजा को पहुंचा दिया सलाखों के पीछे, पत्नी की हत्या के लिए दी थी सुपारी
पटना। बिहार की राजधानी पटना में हाल ही में गाड़ी से टक्कर लगने के मामूली विवाद को लेकर हुई महिला की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। साली से अवैध संबंध के दौरान रोड़ा बन रही गर्भवती पत्नी की हत्या पति ने सुपारी देकर करवा दी। पत्नी को जान से मारने के लिए एक लाख रुपये में सुपारी किलर से डील तय की थी। गाड़ी छू जाने को लेकर सड़क पर हुए विवाद में गोली मारकर हत्या की मनगढ़ंत कहानी सुन पुलिस ने जब मामले की छानबीन शुरू की तो कहानी ठीक उलट निकली।

प्लान के तहत रास्ते में मारी थी गोली
गोपालपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव के पास बीते गुरुवार को बाइक की ठोकर लगने पर अपराधियों ने पीछा कर ओवरटेक करते हुए मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी गर्भवती महिला को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना तब हुई जब मृतका अपने पति और दो बच्चियों के साथ घर जा रही थी। मृतका परसा थाना क्षेत्र के झाईंचक गांव के रहने वाले शंभू रजक की पत्नी रुबी थी।

फुटेज देखकर पुलिस को हुआ शक
महिला के पति ने बताया कि अपराधियों ने उसपर निशाना साधा था लेकिन गोली पत्नी रुबी के सिर में जा लगी और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष आलोक कुमार दलबल के साथ पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। मौके से खोका बरामद हुआ। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो मामला संदेहास्पद लगा।

साली से था अवैध संबंध
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित पति और दोनों शूटर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतका के पति का साली से अवैध संबंध ता। इसीलिए उसने पत्नी की हत्या करवा दी। इसके लिए उसने एक लाख रुपये की सुपारी दो शूटर को दी। वारदात को अंजाम देने से पहले ही 50 हजार रुपये ही दे दिए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications