दाढ़ी-बाल बनाने से मना करने पर हुई नाई दिनेश ठाकुर की हत्या, पुलिस ने तीन को किया अरेस्ट
बांका। बिहार के बांका जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दाढ़ी-बाब नहीं बनाने पर शनिवार की देर रात नाई दिनेश ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक दिनेश ठाकुर की पत्नी की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। साथ ही पुलिस ने सुजेश कुमार, बीडीयो दास तथा जितेंद्र दास को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष कुमार सन्नी ने बताया कि अन्य नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, नाई दिनेश ठाकुर नवटोलिया गांव का रहने वाला था। दिनेश ठाकुर की पत्नी मुसो देवी ने पुलिस को बताया कि शनिवार की संध्या मैनमा गांव के विपिन दास, कालू दास सहित अन्य कुछ लोगों ने घर आकर पति को दाढ़ी-बाल बनाने के लिए मैनमा गांव जाने के लिए कहा। पति ने लॉकडाउन में जाने से मना किया तो विपिन और कालू ने गाली-गलौज की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। इसी डर से वे मैनमा चले गए। जब देर रात नहीं आए तो गांव में खोजबीन की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। रविवार की सुबह कुशहा बांध पर दिनेश का शव मिला था।
गांव आने पर लगाया था प्रतिबंध
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिनेश मैनमा सहित आसपास के गांव में घूम-घूमकर लोगों का दाढी-बाल बनाया करता था। तीन-चार वर्ष पूर्व मैनमा गांव के लोगों से विवाद होने के कारण उसे गांव आने पर रोक लगा दी थी। इसको लेकर दिनेश मुंबई चला गया था। जब वह कुछ दिन के बाद घर लौटा तो गांव के एक लोगों ने उसे श्राद्धकर्म में बुलाया था। इसके बाद वह धीरे-धीरे गांव आने-जाने लगा था। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश का गांव की एक महिला से अवैध संबंध था। यही कारण था कि गांव के लोगों ने उसे गांव आने पर प्रतिबंध लगा दिया था। घटना स्थल पर मुखिया मुन्नी देवी ने जब इस बात पर चर्चा की तो लोग उग्र हो उठे थे।
क्या कहा पुलिस ने
एसडीपीओ डीसी श्रीवास्तव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पत्नी मुसो देवी ने मैनमा गांव के ही विपिन दास, कारू उर्फ कालू दास, सुजेश कुमार, दिनेश दास, विलास दास, बीडीओ दास, जितेंद्र दास भानू दास तथा भोला ठाकुर को आरोपित किया है। पुलिस ने सुजेश कुमार, बीडीओ दास तथा जितेंद्र दास को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया है। वहीं, अन्य नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि दिनेश की पत्नी ने दाढ़ी बाल नहीं काटने पर हत्या की बात कही है। पुलिस हरेक बिन्दुओं पर जांच कर रही है। मामले में निर्दोष को फंसने नहीं दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications