बिहारः इलाज न मिलने से पटना के PMCH के डॉक्टर की पत्नी की हो गई मौत
पटना। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तरह-तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। ताजा मामला बिहार की राजधानी पटना का है, जहां इलाज न मिलने पर पीएमसीएच के डॉक्टर की पत्नी की मौत हो गई। डॉक्टर रंजीत सिन्हा पत्नी के इलाज के लिए अस्पतालों का चक्कर काटते रहे लेकिन किसी भी अस्पताल में उनकी पत्नी का इलाज नहीं किया गया और इसके चलते उनकी मौत हो गई।

Recommended Video
पीएमसीएच के डॉक्टर रंजीत सिन्हा की पत्नी शुगर और बीपी की मरीज थी। उनका कोरोना टेस्ट भी कराया गया था, जिसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी लेकिन इसके बाद भी किसी अस्पताल में उनको भर्ती नहीं किया गया और उनकी मौत हो गई। पत्नी की तबीयत खराब होने पर रंजीत सिन्हा अपनी पत्नी को लेकर पहले कुर्दी अस्पताल ले गए, जहां मौजूद डॉक्टरों ने दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद रंजीत पत्नी को लेकर पाटलिपुत्र के अस्पताल में ले गए, जहां उनकी पत्नी का कोरोना टेस्ट भी कराया गया और रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें ओपीडी में भर्ती किया गया, लेकिन लगातार तबीयत खराब होने पर आइसीयू में भर्ती कराया गया। अपनी पत्नी को लेकर परेशान डॉक्टर उन्हें बेली रोड किनारे स्थित एक बड़े अस्पताल में ले गए लेकिन एक घंटे की पूछताछ के बाद भी उनको भर्ती नहीं किया गया।
इसके बाद पत्नी को लेकर रंजीत आईजीआईसी पहुंचे लेकिन वहां पर मौजूद डॉक्टरों ने अच्छी जगह ले जाने की सलाह दी। लेकिन भर्ती नहीं किया। आखिरी में वह पत्नी को लेकर एम्स पहुंचे तो उनको आधे घंटे तक रोक कर रखा गया। इसी बीच उनकी पत्नी की गेट पर ही मौत हो गई। पत्नी की मौत होने पर डॉक्टर रंजीत सिन्हा ने IMA को पत्र लिखकर प्राइवेट अस्पतालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications