बिहारः सुहागरात के अगले दिन दूल्हे की हो गई मौत, शादी में शामिल 15 लोग मिले कोरोना पॉजिटिव
पटना। बिहार में कोरोना वायरस का मामला दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या 7800 के करीब हो गई है। ताजा मामला पटना के पालीगंज इलाके का है, जहां एक साथ 15 कोरोना संक्रमित मिले हैं। ये सभी मरीज बीते 15 जून को पालीगंज के डीहपाली गांव में शादी समारोह में शरीक हुए थे। जिस शादी में सभी कोरोना ग्रसित हुए हैं उस दूल्हे की मौत सुहागरात के अगले दिन यानी कि 17 जून को ही इलाज के दौरान हो गई थी।

आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है पुष्टि
गांव के लोग दूल्हे की मौत का कारण कोरोना बता रहे हैं। लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी कोई पुष्टि नहीं कर रहा है। दूल्हे की मौत के बाद उसके माता-पिता का भी सैंपल अभी तक जांच के लिए नहीं गया है। इस घटना के बाद से प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। शादी से संबंधित जितने भी इलाके के लोग थे सभी लगभग 125 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। साथ ही सभी मोहल्लों को सील कर दिया गया था, जहां से सैंपल लिए गए थे।

दिल्ली से घर लौटा था युवक
अधिकारियों के मुताबिक डीहपाली गांव के रहने वाले एक युवक की बीते 15 जून को शादी हुई थी। बताया जाता है कि युवक दिल्ली से हाल में ही आया था। जब वो घर आया उस समय बिहार में क्वारंटाइन सेंटर्स बन्द हो चुके थे, जिसके बाद उसे होम क्वारंटाइन कर दिया गया था। शादी के दूसरे दिन यानी 17 जून को पेट दर्द की शिकायत के बाद उसे निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उसे पटना भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

15 लोग पाए गए कोरोना पॉजिटिव
बाद में प्रखंड विकास पदाधिकारी चिरंजीवी पांडेय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले की छानबीन की और मृत युवक के स्वजनों सहित कोरोना संक्रमण की जांच के लिए करीब 125 लोगों का सैम्पल लिया। बताया जाता है कि लैब में सैम्पल जांच के बाद 15 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गये। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो पालीगंज बाजार में सब्जी विक्रेता का भी सैम्पल लिया गया, लेकिन सभी की रिपोर्ट निगेटिव है।












Click it and Unblock the Notifications