तेजस्वी यादव, मीसा भारती समेत 6 पर FIR के आदेश, जानिए क्या है मामला ?
पटना, 19 सितंबर: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव और उनकी बड़ी बहन और राज्यसभा सांसद मीसा भारती की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पटना के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने पटना के कोतवाली थाने को तेजस्वी यादव, मीसा भारती समेत 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का दिया है। इन लोगों पर पैसे लेकर टिकट नहीं देने का आरोप है।

क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, कांग्रेस नेता और अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह ने पटना के सीजेएम कोर्ट में बीते 18 अगस्त को एक परिवाद दाखिल किया था। इस परिवाद पत्र में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राज्यसभा सदस्य मीसा भारती के अलावा बिहार कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा, सदानंद सिंह, राजेश राठौर को भी आरोपित बनाया गया था। आरोप है कि लोकसभा चुनाव में आरजेडी का टिकट देने के नाम पर पांच करोड़ रुपए लिए गए। इसके बाद विधानसभा चुनाव में उन्हें गोपालपुर और उनके भाई को रुपौली सीट से टिकट देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन उन्हें विधानसभा चुनाव में भी टिकट नहीं मिला। इस पूरे मामले में सीजेएम विजय किशोर सिंह ने 16 सितंबर को पटना एसएसपी उपेंद्र शर्मा को आदेश जारी किया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो।
कोर्ट ने तेजस्वी यादव समेत छह पर एफआईआर दर्ज करने के दिए आदेश
पटना के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विजय किशोर सिंह की कोर्ट ने जिन छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं, उनमें तेजस्वी यादव, उनकी बड़ी बहन राज्यसभा सांसद मीसा भारती के अलावा बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौर और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश का नाम भी शामिल है। तेजस्वी और मीसा भारती के खिलाफ पैसे लेकर टिकट नहीं देने के मामले में कोर्ट से प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश पर इस मामले को लेकर जदयू ने आरजेडी पर निशाना साधा है। पूर्व मंत्री और जनता दल यूनाइटेड एमएलसी नीरज कुमार ने ट्वीट में लिखा ''कहा जाता है बुरा का परिणाम बुरा ही होता है। कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं। वंशवादी आरजेडी पार्टी में पैसे के बदले टिकट का धंधा करने वाले और राजनीति को पता नहीं किस निम्न स्तर तक पहुंचाएंगे। एक कहावत है। अपने जोगी नंगा तो क्या दिए वरदान। आरजेडी और कांग्रेस पर सटीक बैठता नजर आ रहा है।''












Click it and Unblock the Notifications