पटनाः बिहार पुलिस के 15 जवान कोरोना संक्रमित, एडीजी ने दी जानकारी
पटना। कोरोना वायरस का कहर थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। बिहार में आए दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। इसी बीच खबर आ रही है कि बिहार पुलिस के अब तक 15 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। सूबे के एडीजी ने जानकारी देते हुए कहा कि अब बिहार पुलिस से जुड़े अब तक 15 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

संदिग्ध कोरोना के मरीजों की धर-पकड़ से लेकर पुलिस वालों को प्रतिबंधित यानि कंटेनमेंट जोन में भी ड्यूटी करनी पड़ रही है। ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस वाले कई ऐसे संवेदनशीन स्थानों पर ड्यूटी करने के बाद पुलिस लाइन पहुंचते हैं। यहां बैरक में सोशल डिस्टेंस भी मेंटेन नहीं हो पाता है। ऐसे में एक सिपाही को संक्रमण हुआ तो पूरी बैरक को संक्रमण का खतरा होता है।
आठ टीमों के जिम्मे होगी पटना पुलिस लाइन
सिविल सर्जन ने आठ टीमों का गठन किया है। इन सभी टीमों को जिम्मेदारी दी गई है वह एक-एक सिपाही की स्क्रीनिंग करे और सवालों का पूरा रिकार्ड तैयार करे। हर सिपाही का डाटा अब स्वास्थ्य विभाग के पास होगा। सिपाही से उनकी ड्यूटी का पूरा पता लगाया जाएगा।
वह कहां-कहां ड्यूटी किए हैं, इसकी पूरी जानकारी ली जाएगी। सर्दी-खांसी, बुखार या दूसरे बीमारी के लक्षण हैं तो उसकी एंट्री होगी। शुगर, ब्लड प्रेशर हाई बीपी के साथ अन्य कोई भी बीमारी होगी, जिसकी दवा चल रही होगी तो इसकी भी एंट्री करनी होगी। वहीं प्रवासी मजदूरों की घर वापसी का फैसला बिहार के लोगों को भारी पड़ रहा है। बिहार में अबतक जितने प्रवासी मजदूर देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से अपने राज्य लौटे हैं, उनमें से रविवार तक 142 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं।

इस खबर के जाहिर होने के बाद बिहार प्रशासन से लेकर आम जनता तक में हड़कंप मचा हुआ है। राहत की बात ये है अभी तक जो तकरीबन एक लाख प्रवासी मजदूर बिहार लौटे हैं, उन्हें अभी उनके घर नहीं जाने दिया गया है और उनके घरों के आसपास के क्वारंटीन फैसिलिटी में ही रोके रखा गया है।
बिहार की चिंता ये है कि 17 मई को लॉकडाउन खत्म होने तक कुल 2.22 लाख प्रवासी मजूदरों को वापस आना है और अगर उनमें संक्रमण की ऐसी ही रफ्तार रही तो, शुरू से कोरोना के मामले में अच्छा कर रहा बिहार भी परेशान हो सकता है। क्योंकि, प्रवासी मजदूरों के आते ही बिहार में टेस्टिंग और पॉजिटिव केस का अनुपाद दोगुना से ज्यादा हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications