बिहार में बढ़ रहे हैं देसी-विदेशी पर्यटक

पटना। बिहार में पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वर्ष 2014 में बिहार में करीब ढाई करोड़ पर्यटक बिहार के विभिन्न हिस्सों में पहुंचे, जो वर्ष 2013 की तुलना में करीब चार फीसदी अधिक है।

राज्य के पर्यटन विभाग के मंत्री जावेद इकबाल अंसारी ने राज्य में विदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों की संख्या पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2014 में 8.29 लाख विदेशी पर्यटक बिहार पहुंचे, जबकि बिहार आने वाले कुल पर्यटकों की संख्या 2.33 करोड़ रही।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश के विभिन्न हिस्सों से दो करोड़ 25 लाख पर्यटक बिहार आए थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में बिहार पहुंचने वाले पर्यटकों की कुल संख्या 2.23 करोड़ थी, जिसमें विदेशी पर्यटकों की संख्या 7.65 लाख थी। वर्ष 2012 में कुल 2.25 करोड़ पर्यटक बिहार में विभिन्न पर्यटन स्थलों का दीदार करने पहुंचे थे।

मंत्री ने बताया कि वर्ष 2010 में बिहार पहुंचने वाले कुल पर्यटकों की संख्या जहां 1.65 करोड़ थी, वहीं 2011 में यह संख्या बढ़कर 1.93 करोड़ पहुंच गई थी।

श्रीलंका, थाईलैंड से ज्यादा पर्यटक

पर्यटन मंत्री ने बताया कि बिहार में हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों के कारण भी पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। बिहार में राजगीर महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक राजगीर पहुंचे थे।

बिहार पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि यूं तो बिहार पहुंचने वाले विदेशी पर्यटक विभिन्न देशों के होते हैं, लेकिन श्रीलंका, थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया जैसे बौद्ध बहुल देशों से सबसे ज्यादा पर्यटक बिहार आते हैं। बिहार की संस्कृति को जानने के लिए भी पर्यटक यहां पहुंचते हैं।

मंत्री अंसारी कहते हैं कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए लगातार प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिहार के दार्शनिक और ऐतिहासिक स्थलों को सड़क मार्गो से जोड़ा जा रहा है और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रसिद्घ सोनपुर मेले में विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए 'पर्यटक ग्राम' का निर्माण करवाया गया था। इसके अलावा राजगीर और बोधगया जैसे पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों को आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिहार के राजगीर सहित सात क्षेत्रों में रोप-वे निर्माण किया जा रहा है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+