बिहारः JDU ने संजय सिंह को मुख्य प्रवक्ता पद से हटाया, नीरज कुमार को किया नियुक्त
पटना। पीएम मोदी के कैबिनेट में विस्तार के बाद जदयू में बड़ी फेरबदल हुई है। इसी क्रम में जदयू ने संजय सिंह को मुख्य प्रवक्ता के पद से हटा दिया है। उनकी जगह पर एमएलसी नीरज कुमार को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। नीरज कुमार विरोधियों को अपने अंदाज में जवाब देने के लिए जाने जाते हैं। नीरज कुमार सीएम नीतीश और सांसद ललन सिंह के काफी करीबी माने जाते हैं। खबर यह भी है कि संजय सिंह को पार्टी में प्रदेश का उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।

हाल ही में जब एमएलसी टुन्ना पांडेय ने सीएम नीतीश कुमार को लेकर हमला बोला था तो संजय सिंह ने उंगली काटने की बात कही थी, जिसके बाद से वह काफी लोकप्रिय हो गए थे। संजय सिंह से जब प्रवक्ता पद से हटाए जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी का जो भी फैसला है, उन्हें मंजूर है। मुझे जो भी काम मिलेगा मैं पूरी ईमानदारी से करता रहूंगा।
इसी बीच जदयू के कद्दावर नेता ललन सिंह पार्टी के संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से उनके आवास पर मुलाकात की, जिसके बाद से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। दोनों ही नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बंद कमरे में मुलाकात हुई है। वहीं इस मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात कर आवास से बाहर निकले ललन सिंह ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा हमारे साथी हैं। इन से मुलाकात के कोई राजनीतिक मायने नहीं निकाले जाने चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि जदयू में सबकुछ ठीक है। वहीं मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर जदयू सांसद ललन सिंह ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने साफ कह दिया था कि राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह इसके लिए अधिकृत है, इस पर मैं क्या कर सकता हूं। जदयू सांसद ललन सिंह ने कहा कि जदयू में सब कुछ ठीक-ठाक है, कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications