प्रेम प्रसंग में चार लोगों को जिंदा जलाया, दर्जनों घर जलकर स्वाहा
पटना। मुजफ्फरपुर के सरैया थाना स्थित अजीज़पुर गाँव में भड़की हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने 20 घरों को आग के हवाले कर दिया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। इस भीषण हिंसा में बदमाशों ने दो लोगों को जिंदा जला दिया। रविवार को भड़की इस हिंसा में दो संप्रदाय के लोगों ने जमकर उत्पात मचाया।

मुजफ्फरपुर के आईजी, डीआईजी समेत इलाके के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का मुआयना किया। हिंसा को रोकने के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। ईलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कैसे भड़की हिंसा
हुआ यूं कि भारतेंदु कुमार नाम के एक युवक का एक मुस्लिम लड़की से प्रेम प्रसंग था। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया और चार दिन पहले दोनों शादी करने के लिये घर से निकल गये। इस बात का पता जब घर वालों को चला तो दोनों परिवार एक दूसरे के खिलाफ खड़े हो गये। इसी बीच रविवार को भारतेंदु का शव खेत में बरामद हुआ, जिसके बाद दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क गई।
भारतेंदु के परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या लड़की के घरवालों ने की है। इस मामले में 14 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हिंसा के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किये जाने पर कर्फ्यू जैसा माहौल है। एफआईआर में अजीतपुर गाँव के सदाक़त अली को नामज़द अभियुक्त बताया गया है। सोमवार की शाम तक स्थिति नियंत्रण में आ गई।












Click it and Unblock the Notifications