शर्मनाक : वोट नहीं देने पर दलितों से कराई उठक-बैठक, थूक चाटने को किया मजबूर, Video वायरल
औरंगाबाद, 13 दिसंबर: बिहार के औरंगाबाद जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पंचायत चुनाव में हार का सामना करने वाले एक मुखिया प्रत्याशी ने हार का ठीकरा दलित समाज पर फोड़ते हुए दो ग्रामीणों के साथ अमानवीय व्यवहार किया। शख्स ने दलित समुदाय के दो युवकों से उठक-बैठक करवाई। यही नहीं, उन्हें थूक चाटने को भी मजबूर किया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

उठक-बैठक कराई, थूक चटाया
मामला कुटुम्बा प्रखंड के डुमरी पंचायत के सिंघना गांव का बताया जा रहा है। पंचायत चुनाव हारने वाले मुखिया प्रत्याशी बलवंत सिंह सिंघना पर दो ग्रामीणों की बेरहमी से पिटाई करने, उठक-बैठक कराने और थूक चटवाने का आरोप है। बलवंत की इस हरकत का वीडियो भी वायरल हो गया है। वीडियो के मुताबिक, मुखिया प्रत्याशी रहे बलवंत कुमार दो युवकों से जबरन उठक-बैठक करा रहे हैं और थूक चटवा रहे हैं। उठक-बैठक के दौरान बलवंत दोनों को पीटते भी नजर आ रहे हैं। आरोप है कि चुनाव में वोट न देने को लेकर मुखिया प्रत्याशी बलवंत ने दोनों युवकों के साथ ऐसा किया।

वोट न मिलने पर दलितों को पीटने का आरोप
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि मारपीट के दौरान बलवंत कुमार बार-बार गाली-गलौज कर रहा है। इसके साथ ही युवकों से 10 हजार रुपए की शराब पी जाने का आरोप भी लगा रहा है। इस दौरान दलितों के बारे में कई आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। वह कह रहा है कि चुनाव में 10 हजार रुपए की शराब उन लोगों ने पी ली, चुनाव के दौरान पैसे लिए और उन्हें वोट भी नहीं दिया।

वीडियो वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस बीच वहां मौजूद एक शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। हालांकि, आरोपी पक्ष का कहना है कि दोनों युवक शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। इसीलिए उन लोगों से उठक-बैठक करवाई गई। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। औरंगाबाद के एसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर अंबा पुलिस ने आरोपी बलवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications