बिहार में होगी जातीय जनगणना, सर्वदलीय बैठक में CM नीतीश कुमार ने लिया फैसला, तेजस्वी क्या बोले ?
पटना, 01 जून: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में जातीय आधारित जनगणना कराने की बात कही है। बुधवार को पटना में सर्वदलीय बैठक में सीएम नीतीश कुमार ने ये फैसला लिया। बैठक के बाद सीएम ने कहा कि हम बिहार में जातीय जनगणना कराएंगे। आज की बैठक में इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया है। अब इसको कैबिनेट से पास कराने के बाद कराया जाएगा।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा- एक-एक चीज को करेंगे सार्वजनिक
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य स्तर पर इसे (जातिगत जनगणना) अपनी तरफ से करना है। 1 जून को कैबिनेट की बैठक हुई है। बहुत जल्द इस पर कैबिनेट का फैसला कर इसकी एक-एक चीज़ को सार्वजनिक करेंगे। सीएम ने कहा कि हमारी योजना यही है कि इसके जरिए सबका ठीक तरह से विकास हो। कोई उपेक्षित है तो उसकी उपेक्षा न हो। नीतीश कुमार ने कहा कि हमने इसका नाम 'जाती आधारित गणना' दिया है। हम इसमें एक-एक चीज़ नोट करेंगे और इसको प्रकाशित करेंगे, जिससे सारे दलों को जानकारी दी जा सके।
तेजस्वी यादव ने कहा- ये बिहार के लोगों की जीत है
बिहार में जातीय जनगणना की सहमति पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने विधानसभा में इस (जातिगत जनगणना) मुद्दे को उठाया, ये बिहार के लोगों की जीत है। चूंकि बिहार एक पिछड़ा और गरीब राज्य है तो इसमें मदद के लिए केंद्र सरकार को आर्थिक रूप से सहयोग करना चाहिए। हमने इसको (बिल) अगली कैबिनेट बैठक में लाने और नवंबर महीने में इसे शुरू करने की बात कही है। तेजस्वी ने कहा कि छठ पूजा के दौरान बिहार से बाहर रहने वाले लोग भी राज्य में आएंगे और तब तक हम इसकी तैयारी पूरी कर सकते हैं। बता दें, बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों से इससे पहले दो बार सर्वसम्मति से जातीय जनगणना कराने का प्रस्ताव पास हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद भी अब तक राज्य में जारी जनगणना नहीं कराई जा सकी है। पिछले साल नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे को फिर से उठाया। इसके बाद नीतीश कुमार भी तेजस्वी के साथ इस मुद्दे पर नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications