बिहार में 1 जून तक बढ़ाया गया लॉकडाउन, शाम को जारी होगी गाइडलाइन
पटना। बिहार में लॉकडाउन की अवधि को एक बार फिर बढ़ा दी गई है। प्रदेश के सीएम नीतीश कुमार ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लॉकडाउन के बढ़ने की जानकारी दी। ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए 5 मई 2021 से तीन सप्ताह के लिए लाॅकडाउन लगाया गया था। आज फिर से सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा उन्होंने दूसरा ट्वीट करते हुए लिखा कि लाॅकडाउन का अच्छा प्रभाव पड़ा है और कोरोना संक्रमण में कमी दिख रही है। अतः बिहार में 25 मई के आगे एक सप्ताह के लिए अर्थात 1 जून, 2021 तक लाॅकडाउन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
Recommended Video

सीएम नीतीश कुमार ने लॉकडाउन की तारीख को बढ़ाने का फैसला लेने से पहले क्राइसिसि मैनेजमेंट ग्रुप की मीटिंग की। फिर उन्होंने बिहार के दोनों डिप्टी सीएम और दूसरे मंत्रियों के साथ वर्चुअल भी मीटिंग की। इसके बाद लॉकडाउन को एक हफ्ते और बढ़ाने का फैसला किया। लॉकडाउन के तीसरे चरण की गाइडलाइल आज शाम को चार बजे मुख्य सचिव, विकास आयुक्त और डीजीपी जारी करेंगे।
बता दें कि कोरोना के बढ़ते कहर के चलते बिहार में पहला लॉकडाउन 5 मई से 15 तक लगाया गया था। इसके बाद 16 मई से 25 मई तक दूसरा लॉकडाउन लगाया गया। लॉकडाउन लगाने के बाद प्रदेश में कोरोना के मामले कम होने लगे हैं। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार कुछ नई छूट दे सकती है। पहले लॉकडाउन के बाद दूसरे लॉकडाउन में कुछ छूट मिली थी।
पिछले 24 घंटे में राज्य के 107 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है, जिनमें से पटना में 8 लोगों की इलाज के दौरान जान गई है। बता दें अब तक राज्य में कोरोना से कुल 4549 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि राहत की बात यह है कि इन सबके बीच रिकवरी रेट में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। रविवार को एक्टिव मामलों में बड़ी कमी आई है। प्रदेश में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 40 हजार 691 हो गया है। राज्य की रिकवरी रेट भी एक दिन में 92.8 से बढ़कर 93.44% पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications