नेपाल ने नदी में किया विस्फोट, कोसी में फिर बाढ़ का खतरा, हाई अलर्ट पर बिहार के 8 जिले

भोट कोसी में उफान से काठमांडू व खैदी चौर इलाके को बचाने के लिए नेपाल प्रशासन ने शनिवार को तीन विस्फोट किये है। इस विस्फोट के बाद कोसी की तेज धारा सुपौल, पूर्णिया, खगड़िया, मधेपुरा, मधुबनी की ओर तेजी से बढ़ना शुरू कर दिया है। आशंका है कि 14 घंटे के भीतर 10 लाख क्यूसेक से अधिक पानी राज्य की नदियों में प्रवेश कर जायेगा।
ऐसे में बिहार के 8 जिलों में भयंकर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सुपौल, सहरसा, पूर्णिया, मधेपुरा, अररिया, भागलपुर, खगड़िया व मधुबनी में अलर्ट जारी कर दिया गया है। जानकार मानते है कि ऐसी स्थिति में ये बाढ़ 2008 का रिकॉर्ड तोड़ देगा। 2008 के बाढ़ में बिहार में 527 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं इस तबाही की जानकारी पर सिंचाई मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि विभाग आस-पास की सभी नहरों को खाली करा रहा है और तटबंधों के सभी गेट को खोल दिया गया है।
सिंचाई विभाग को उम्मीद है कि कुसहा जैसी तबाही इस बार नहीं आयेगी, वहीं राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने किसी भी स्थिति से निबटने के लिए केंद्र सरकार से सेना की मदद मांगी है। जल संसाधन विभाग ने सभी मुख्य अभियंताओं और संबंधित जिला पदाधिकारियों को अलर्ट कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications