Delhi Election Results 2020: अनिल विज ने किया ट्वीट, लिखा- 'मुद्दे हार गए, मुफ्तखोरी जीत गई'
पानीपत। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर नतीजे आने शुरू हो गए हैं। नतीजों के साथ आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। वहीं, हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। अनिल विज ने ट्वीट में लिखा, ' दिल्ली के चुनाव में मुद्दे हार गए, मुफ्तखोरी जीत गई।' गौरतलब है कि विज इससे पहले भी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते रहे हैं।

इमरान खान से की थी केजरीवाल की तुलना
दिल्ली चुनाव पर उन्होंने कहा था कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भाजपा से डर गए हैं। यदि दिल्ली में काम हुआ है, तो उस आधार पर वोट मांगे, लेकिन वहां पर काम नहीं हुआ। इसलिए अब जनता के सामने जाने से डर रहे हैं। इससे पहले अनिल विज ने केजरीवाल की इमरान खान से तुलना की थी। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान के पीएम इमरान खान की भाषा और केजरीवाल की भाषा एक जैसी है। बालाकोट, सर्जीकल स्ट्राइक, सीएए और हर बात को लेकर एक भाषा है। उन्होंने कहा था कि देश के बच्चों को पाक की भाषा नहीं पढ़ानी, इसलिए दिल्ली की पढ़ी लिखी जनता केजरीवाल के झांसे में नहीं आएगी।
सुभाष बराला ने भी दी प्रतिक्रिया
वहीं, हरियाणा के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने चुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बेशक आम आदमी पार्टी की दोबारा सरकार बन गई हो, लेकिन एक बात स्पष्ट हो गई कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनकी टीम को प्रशासनिक व्यवस्था में विश्वास नहीं है। चुनाव के दौरान बार-बार निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए गए। यह दिल्ली की जनता के लिए भी सवाल है कि किस प्रकार की पार्टी को जनादेश मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए चिंता का विषय है। जो कांग्रेस कभी देश का सबसे बड़ा दल था, आज इस प्रकार से सिमट कर रह गया है।












Click it and Unblock the Notifications