तालिबानी कब्जे का असर: अफगानिस्तान से व्यापार हुआ ठप, दवाओं से भरा हमारा कंटेनर बॉर्डर पर ही फंसा
पानीपत। अफगानिस्तान में तालिबानी आतंकियों के कब्जे के चलते स्थिति चिंताजनक हो गई है। वहां से होने वाला अंतर्राष्ट्रीय व्यापार ठप हो गया है। भारतीय कंपनियों एवं व्यापारिक संस्थाओं का इंपोर्ट-एक्सपोर्ट भी बंद हो गया है। राजस्थान, गुजरात, पंजाब एवं हरियाणा समेत कई राज्यों का अफगानिस्तान से पाक के रास्ते व्यापार होता था, लेकिन बंदिशों के चलते व्यापारिक वाहन अधर में अटक गए हैं। पानीपत की तीन दवा कंपनियां, जो अफगानिस्तान में कारोबार करती हैं, उनके वाहन भी जहां-तहां फंसे हैं। इन कंपनियों में लैबोरेट, इंडकुस व इंडकुस बायोटेक शामिल हैं। इंडकुस बायोटेक के मालिक रजत भाटिया का कहना है कि, उनका दवा कंटेनर पाकिस्तान-अफगानिस्तान बाॅर्डर पर फंसा हुआ है। वहीं, बैंक बंद होने से दवा कंपनियों की पेमेंट भी अटक गई है।कोरियर सर्विस बंद हो गई है। जिस कारण से दवा संबंधी कागजात अफगानिस्तान नहीं पहुंच पा रहे।
Recommended Video

कराची के रास्ते अफगानिस्तान जाता है हमारा माल
पानीपत में इंडकुस कंपनी के मालिक ने बताया कि, हमारे यहां से हर महीने 50 लाख से ज्यादा की दवाएं अफगानिस्तान पहुंचाई जाती थीं। अब वहां 2 कंटेनर अभी इंतजार में खड़े हैं। बायर ने कहा है कि, अभी माल नहीं भेजना है, तो पेमेंट भी नहीं आ रही है। वहीं, लैबोरेट के मैनेजर ने कहा कि, "अपना कंटेनर 29 जुलाई को अफगानिस्तान गया था। सितंबर महीने के लिए भी 1 लाख डॉलर (77 लाख रुपए) का ऑर्डर मिला था। अभी बायरों ने सितंबर का ऑर्डर तो रद्द नहीं किया है, लेकिन उनका कहना है कि कारोबार पूरी तरह से बंद हो गया है। तालिबानियों ने सब ठप करा दिया है। इंडकुस बायोटेक के कर्मियों ने कहा कि, हमारा कंटेनर कराची के रास्ते अफगानिस्तान जाता है। अभी एक कंटेनर वहीं पर फंसा है, हमें वाहन चालक की चिंता सता रही है।

भारत-अफगान में इनका एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट हुआ
पानीपत के एक व्यापारी ने बताया कि, अफगानिस्तानी लोग भारत के मसालों के बड़े उपभोक्ता हैं। वहीं, हमारे यहां के लोग अफगानिस्तान से किशमिश, अखरोट, बादाम, अंजीर, पाइन नट, पिस्ता, सूखे खुबानी व खुबानी, चेरी, तरबूज, औषधीय जड़ी-बूटियों और फलों को मंगवाते हैं। अफगानिस्तान को भारत से चाय, कॉफी, काली मिर्च, कपास, खिलौने, जूते और अन्य कंज्यूमर प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट किए जाते हैं।

दो देशों में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार
एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और अफगानिस्तान के बीच वर्ष 2020-21 के दौरान 1.4 अरब अमेरिकी डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ। उससे पहले 2019-20 में 1.52 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार हुआ। साथ ही 2020-21 में भारत से एक्सपोर्ट 82.6 करोड़ अमेरिकी डॉलर और इम्पोर्ट 51 करोड़ अमेरिकी डॉलर था।












Click it and Unblock the Notifications