पाकिस्तान का दावा सऊदी के सुल्तान ने पीएम नवाज की 'बेइज्जती' पर मांगी है माफी
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा सऊदी अरब के सुल्तान सलमान बिन अब्दुल्ला अजीज ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ हुई बदसलूकी के लिए मांगी है माफी।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने दावा किया है कि सऊदी अरब के सुल्तान सलमान बिन अब्दुल्ला अजीज ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से माफी मांगी है। उन्होंने यह माफी पिछले दिनों रियाद में हुई यूएस-अरब-इस्लामिक समिट में उन्हें बोलने का मौका न मिलने पर मांगी है। पाक विदेश मंत्रालय की ओर से बयान जारी कर यह बात कही गई है।

समय की कमी से नहीं मिला मौका
पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कहा कि 30 मुसलमान देशों के नेताओं को समय की कमी के चलते इस समिट में बोलने का मौका नहीं मिल सका था। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ 21 मई को रियाद में हुए समिट में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। इस समिट को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी संबोधित किया था। नवाज शरीफ के साथ विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज भी मौजूद थे। समिट में 55 मुसलमान देशों के नेता शामिल हुए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रविवार को अरब-इस्लामिक-यूएस समिट को संबोधित किया। यहां पर उन्होंने भारत को उन देशों के साथ रखा जो पिछले कई वर्षों से आतंकवाद को झेलने पर मजबूर हैं। ट्रंप ने पाकिस्तान का नाम नहीं लिया लेकिन कहा, 'यह हर देश का कर्तव्य है वह इस बात को तय करे कि उसकी सरजमीं पर किसी भी आतंकवादी को पनाह नहीं मिलेगी।'
नवाज ने किया देश को शर्मिंदा
इस समिट से जब नवाज अपने देश पाकिस्तान वापस लौटे तो मीडिया और विपक्ष ने उन पर निशाना साधा। पाक अखबार द न्यूज ने लिखा था कि इस सम्मेलन में वाकई बहुत गलत हुआ है। यहां पर दुनिया में मौजूद आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान के रोल का जिक्र ही नहीं किया। देश के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भी आतंकवाद पर नजरिया पेश नहीं करने दिया गया जबकि आतंकवाद की वजह से पाक के 70,000 से ज्यादा नागरिकों और सुरक्षाबल के 6,000 जवान मारे जा चुके हैं। वहीं मीडिया ने कहा कि इस तरह का बर्ताव काफी तकलीफ देने वाला होता है वह भी तब जब आपको पता लगता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को तो आतंकवाद से पीड़ित करार दिया लेकिन पाकिस्तान को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया। मीडिया और विपक्ष का कहना था कि पीएम नवाज शरीफ ने इस समिट में पाकिस्तान को शर्मिंदा किया।












Click it and Unblock the Notifications