डोनाल्ड ट्रंप ने किया पाकिस्तान को नजरअंदाज तो पीएम नवाज शरीफ पर उठी उंगलियां
पाकिस्तान की मीडिया ने कहा प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने सऊदी अरब में देश को किया अपमानित। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान का जिक्र न होने पर मीडिया ने की प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की आलोचना।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का कार्यकाल खत्म होने बस एक वर्ष का समय बचा है। ऐसा लगता है यह एक वर्ष का समय उनके लिए मुश्किलों और आलोचनाओं से भरा रहने वाला है। पाकिस्तान के एक लीडिंग डेली द नेशन ने पीएम नवाज के सऊदी अरब से वापस लौटने पर लिखा है, पीएम ने देश को अपमानित किया है। आपको बता दें कि नवाज, सऊदी अरब की राजधानी रियाद में यूएस-अरब-इस्लामिक समिट में हिस्सा लेकर लौटे हैं।

पाकिस्तान का जिक्र हीं नहीं
सिर्फ द नेशन ही नहीं बल्कि पूरा पाकिस्तानी मीडिया पीएम के खिलाफ नजर आ रहा है। नेशन से अलग एक और अखबार द न्यूज ने लिखा है, 'इस सम्मेलन में वाकई बहुत गलत हुआ है। यहां पर दुनिया में मौजूद आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान के रोल का जिक्र ही नहीं किया। देश के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भी आतंकवाद पर नजरिया पेश नहीं करने दिया गया जबकि आतंकवाद की वजह से पाक के 70,000 से ज्यादा नागरिकों और सुरक्षाबल के 6,000 जवान मारे जा चुके हैुं।

पाकिस्तान को किया गया नजरअंदाज
द न्यूज ने अपने आर्टिकल में कुलभूषण जाधव केस का भी जिक्र किया है। द न्यूज के मुताबिक पाकिस्तान के अग्रणी पंक्ति का देश है और यह अकेला ऐसा मुस्लिम देश है जिसके पास परमाणु ताकत है। आर्टिकल में लिखा है इस तरह का बर्ताव काफी तकलीफ देने वाला होता है वह भी तब जब आपको पता लगता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को तो आतंकवाद से पीड़ित करार दिया लेकिन पाकिस्तान को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया।

नवाज की वजह से हुआ अपमान
आर्टिकल में लिखा है कि इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में जासूस-आतंकवादी जाधव के केस के बाद आतंकवाद को बढ़ावा देने पर उसके रोल पर दुनिया को आश्वस्त करने की कोशिश की जा रही है लेकिन पाक को नजरअंदाज कर दिया जाता है। आर्टिकल में आखिरी में लिखा है ज्यादातर पाकिस्तानी मीडिया मान रही है कि पाक मीडिया के डेलीगेशन का रियाद में अपमान किया गया।

नवाज शरीफ ने पाक को किया शर्मिंदा
इस समिट में पाकिस्तान के साथ जिस तरह का बर्ताव किया गया, उस पर सबसे पहले विपक्षी पार्टियों की ओर से पीएम नवाज पर हमला बोला गया। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के चीफ इमरान खान ने पीएम नवाज पर पाकिस्तान और दूसरे मुसलमान समुदायों को शर्मिंदा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि नवाज की मौजूदगी इतने बड़े ग्लोबल फोरम पर बिल्कुल ही अप्रभावी थी।

इमरान खान ने भी बोला हमला
इमरान खान ने कहा कि सबसे अहम बात थी कि ट्रंप ने पाकिस्तान का जिक्र ही नहीं किया। एक ऐसा देश जिसने अमेरिका की लड़ाई लड़ी और अपने 70,000 लोगों को खो दिया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से रिलीज जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि नवाज ने सऊदी के सुल्तान, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दूसरे नेताओं से बात की। लेकिन अगर इमरान के शब्दों पर यकीन किया जाए तो नवाज को बोलने के लिए भी बुलाया नहीं गया था।

शरीफ को बोलने का मौका ही नहीं दिया गया
पाकिस्तान के ही न्यूज चैनल समा टीवी की ओर से कहा गया, 'नवाज शरीफ छह घंटों तक रियाद में जताते रहे कि वह बोलेंगे लेकिन उन्हें तो बोलने के लिए इनवाइट तक नहीं किया गया। ऐसे में नवाज शरीफ रियाद गए ही क्यों थे? द नेशन की मानें तो भारत को आतंकवाद का पीड़ित बताना बहुत ही दुखद बात है और यह मासूम कश्मीरियों का अपमान है।

नवाज को करना चाहिए था कश्मीर का जिक्र
वहीं इमरान खान ने नवाज शरीफ पर आरोप लगाया कि उन्होंने समिट में पाकिस्तान को दुनिया के सामने शर्मिंदा किया है। उन्होंने कहा कि नवाज शरीफ को कश्मीरियों और फिलीस्तीनियों की हालत के बारे में बात करनी चाहिए। उन्होंने भारत को दोष दिया कि वह कश्मीर में लोगों पर अत्याचार कर रहा है। साथ ही भारत की तारीफ करने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना भी की।












Click it and Unblock the Notifications