कराची में हिंसका हुआ एंटी-चार्ली हैब्दो प्रदर्शन, एएफपी के जर्नलिस्ट को गोली मारी
कराची। पाकिस्तान के कराची शहर में जमीयत तालाबा की ओर से चार्ली हैब्दो के विरोध में जो प्रदर्शन आयोजित हुआ था वह शुक्रवार को हिंसक हो गया। इस विरोध प्रदर्शन में अब एएफपी के एक फोटोजर्नलिस्ट को गोली मारी गई है।

शुक्रवार को जब यह विरोध प्रदर्शन जारी था उसी समय प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई और इसने इतना हिंसक रूप ले लिया कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ गया। सुरक्षा बलों ने हवाई फायरिंग, टीयर गैस और वॉटर कैनन का प्रयोग भीड़ को नियंत्रण में लाने के लिए किया।
एएफपी फोटोजर्नलिस्ट आसिफ हसन की मौत उस समय हो गई जब वह इस विरोध प्रदर्शन को कवर करने के लिए पहुंचे थे। उन्हें गोली लगने के तुरंत बाद ही पास के अस्पताल ले जाया गया।
इस विरोध प्रदर्शन की वजह से पूरे कराची में सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों को दोगुना कर दिया गया है। प्रदर्शन की जगह तीन तलवार तक जाने वाली सभी सड़कों को बंद कर दिया गया है और सारे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया गया है।
तीन तलवार पर इस समय करीब 250 से 300 लोग इकट्ठा हैं। यह लोग उसी फ्रेंच मैगजीन चार्ली हैब्दो का विरोध कर रहे हैं जिसके पेरिस स्थित ऑफिस पर आतंकी हमला हुआ था। आपको बता दें कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भी चार्ली हैब्दो की पैंगबर मोहम्मद के कार्टूनों की वजह से आलोचना की थी।
इस्लामाबाद में भी कई राजनीतिक पार्टियां इस तरह का विरोध प्रदर्शन कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications