अदालत ले जाते वक्त परवेज मुशर्रफ को पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल में भर्ती

रास्ते में जाते वक्त अचानक उनके दिल में दर्द उठा। उन्हें फौरन इलाज के लिए रावलपिंडी के आर्मी अस्पताल ले जाया गया। मुशर्रफ के प्रवक्ता डॉ रजा बुखारी के मुताबिक, 'हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि परवेज मुशर्रफ को पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे होश में हैं और अस्पताल के डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। हम अल्लाह से उनके जल्द ठीक होने की दुआ करते हैं। कोर्ट के बाहर मौजूद मुशर्रफ के वकील अहमद रजा कसूरी ने कहा, 'वह (मुशर्रफ) कोर्ट आना चाहते थे, लेकिन अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
ऊपरवाला उनकी रक्षा करे। इससे पहले विशेष अदालत ने उन्हें दो जनवरी को साढ़े ग्यारह बजे तलब किया था। साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर वह अदालत के आदेश का उल्लंघन करते हैं तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुशर्रफ के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा उनके वर्ष 2007 के एक फैसले के खिलाफ है, जिसमें उन्होंने देश में आपातकाल लागू करने के आदेश दिए थे। मुशर्रफ पाकिस्तान के पहले पूर्व सैन्य शासक हैं, जिनके खिलाफ देशद्रोह का मुक़दमा चलाया जा रहा है और यदि उन्हें दोषी पाया जाता है, तो उन्हें मौत या फिर आजीवन कारावास की सज़ा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications