भारतीय सीमा में घुसे पाकिस्तानी हेलिकॉप्टर में बैठे थे पीओके के प्रधानमंत्री, तस्वीरों में हुए कैद
Recommended Video

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में रविवार को पाकिस्तानी हेलिकॉप्टर घुसने की खबर सामने आने के कुछ घंटे के बाद हैरान करने वाली फोटो सामने आई है। तस्वीर में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के प्रधानमंत्री फारूक हैदर भी दिख रहे हैं। टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी हेलिकॉप्टर भारतीय वायुसीमा में करीब 700 मीटर अंदर तक घुस आया था। इसके बाद भारतीय सुरक्षाबलों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हेलिकॉप्टर वापस लौट आ गया।

समाचार एजेंसी ने भारतीय सीमा में पाकिस्तानी हेलिकॉप्टर के घुसने का वीडियो भी जारी किया है, जिसमें भारतीय सुरक्षाबलों की ओर से की गई फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही है। जम्मू-कश्मीर में सेना के पीआरओ लेफ्टिनेंट देवेंद्र आनंद ने बताया कि हेलिकॉप्टर काफी ऊंचाई पर उड़ रहा था और उसने करीब 12 बजकर 10 मिनट पर भारतीय वायुसीमा का उल्लंघन किया। ऐसा लगता है कि हेलिकॉप्टर सिविलियन था और पांच मिनट तक भारतीय वायुसीमा में रहा। हालांकि, भारतीय सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद हेलिकॉप्टर वापस लौट गया।
जानकारी के मुताबिक, 15 मराठा लाइट इन्फैंट्री ने पाकिस्तानी हेलिकॉप्टर पर छोटे हथियारों से फायर किए। फायरिंग होती देख पायलट ने तुरंत हेलिकॉप्टर मोड़ लिया। इस साल फरवरी में भी भारतीय सीमा में 300 मीटर की ऊंचाई पर पाकिस्तानी हेलिकॉप्टर उड़ता देखा गया था।
भारत-पाकिस्तान के बीच हुए 1991 समझौते के तहत एलओसी के दोनों तरफ बफर जोन निर्धारित किया गया है। नियमों के मुताबिक, घूमने वाले पंखों वाला कोई विमान एलओसी के एक किलोमीटर पास नहीं आ सकता। वहीं, फिक्स पंखों वाला विमान सीमा के दस किलोमीटर पास नहीं आ सकता।
इस मामले पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है, जिसका हमारी सेना जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि हम कुछ भी नजरअंदाज नहीं कर सकते, इसलिए मामले की जांच की जाएगी और पता लगाया जाएगा कि आखिर किस मकसद से पाकिस्तानी हेलिकॉप्टर भारतीय वायुसीमा में घुसा था।












Click it and Unblock the Notifications