कश्मीर मुद्दे पर बातचीत के लिए पाक भेजेगा भारत को न्योता
नई दिल्ली। आतंकी बुरहान वानी के मौत के बाद जिस तरह से कश्मीर की वादी में हर तरफ अशांति है उसे देखते हुए भारत और पाकिस्तान के आपसी रिश्तों में काफी कड़वाहट आयी है। एक तरफ जहां भारत ने पाक को दो टूक कहा है कि वह हमारे मामलों में हस्तक्षेप ना करे तो दूसरी तरफ पाक बुरहान वानी को शहीद का दर्जा दे रहा है।

भारत पाकिस्तान के बीच तल्ख रिश्तो के बीच पाक अब भारत को एक बार फिर से कश्मीर के मुद्दे पर बातचीत करने का न्योता देना चाहता है। पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेशी मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा कि हम भारत को कश्मीर के मुद्दे पर बात करने के लिए न्योता भेजेंगे।
संसद में गुरुवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने साफ कर दिया था का भारत पाक से सिर्फ पीओके यानि पाक अधिकृत कश्मीर पर बात करेगा। ऐसे में राजनाथ सिंह के बयान के बाद सरताज अजीज के इस बयान को पाकिस्तान की कूटनीतिक चाल के रूप में देखा जा रहा है।
सरताज अजीज ने कहा कि हमारे विदेश सचिव अधिकृत तौर पर अपने समकक्ष को पत्र के माध्यम से यह न्योता देंगे। अजीज ने यह बयान 1-3 अगस्त तक चली की कांफ्रेंस के बारे में मीडिया को बताते वक्त कही। उन्होंने कहा कि इस कांफ्रेंस में कश्मीर के हालात पर भी चर्चा की गयी है।
अजीज ने कहा कि कांफ्रेंस में यह फैसला लिया गया है कि पाकिस्तान कश्मीर के आंदोलन में पूर्ण रूप से कूटनीतिक, राजनैतिक व मानसिक सहायता मुहैया करेगा। उन्होंने कहा कि इस कांफ्रेंस में तमाम कूटनीतिक कदम पर चर्चा की गयी इसके बाद यह फैसला लिया गया कि हम कश्मीर मुद्दे पर भारत को बातचीत का न्योता देंगे।
वहीं भारत के बारे में बात करते हुए अजीज ने कहा कि बातचीत का रास्ता बंद करने के भारत के फैसले से दक्षिणी एशिया में शांति नहीं आ सकती है। आपको बता दें कि राजनाथ सिंह ने कहा था कि पाकिस्तान से जम्मू -कश्मीर के मुद्दे पर बातचीत का सवाल ही नहीं उठता है, हम उनसे सिर्फ पीओके के बारे में बात करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications