पाकिस्तान ने युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाते हुए भारत के राजनयिक को किया समन
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने मंगलवार को एक सीनियर भारतीय राजनयिक को समन भेजा है। पाक की ओर से यह समन युद्धविराम उल्लंघन के आरोपों की वजह से राजनयिक को भेजा गया है। पाकिस्तान का कहना है कि भारतीय सेना एलओसी पर लगातार फायरिंग कर रही है जिसकी वजह से एक महिला की मौत हो गई है। डायरेक्टर जनरल (साउथ एशिया और सार्क) मोहम्मद फैसल जो कि पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता भी हैं, उन्होंने भारतीय राजनयिक को समन किया है। इसके साथ ही उन्होंने 31 दिसंबर की रात एलओसी पर भारतीय सेना की कार्रवाई की निंदा की है।

इंडियन आर्मी पर लगाए कई आरोप
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में यह बात कही गई है। पाकिस्तान का दावा है कि एलओसी पर स्थित शाहकोट सेक्टर में भारत की तरफ से हुई फायरिंग में आसिया बीबी नामक एक महिला की मौत हो गई है। पाक की मानें तो इंडियन आर्मी लगातार भारी हथियारों से रिहायशी इलाकों को निशाना बना रही है। पाकिस्तान के दावे से पहले रविवार को भारतीय सेना ने जम्मू कश्मीर के नौगाम सेक्टर में पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) के एक बड़े आतंकी प्रयास को फेल कर दिया था। नौगाम में बैट के आतंकियों ने भारतीय जवानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। सेना ने इस कोशिश को विफल किया और दो आतंकियों को मारा था।












Click it and Unblock the Notifications