पाकिस्तान में सियासी ड्रामा जारी, नए पीएम के शपथग्रहण से पहले बीमार पड़े राष्ट्रपति
नई दिल्ली, 11 अप्रैल: पाकिस्तान में सियासी ड्रामा जारी है। बहुमत हासिल करने के बाद विपक्ष ने शहबाज शरीफ का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए आगे किया, जिनका शपथग्रहण सोमवार रात होना था, लेकिन उससे कुछ देर पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद वो छुट्टी पर चले गए। इससे पहले अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के दौरान भी ऐसा ड्रामा हुआ था, जहां नेशनल असेंबली के स्पीकर ने वोटिंग से बचने के लिए इस्तीफा दे दिया था।

पाकिस्तानी राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए ये खबर जनता को दी गई है। ट्वीट में लिखा गया कि राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी ने बेचैनी की शिकायत की है। डॉक्टर ने उनकी अच्छी तरह से जांच की और उन्हें कुछ दिनों के लिए आराम करने की सलाह दी है। इस ट्वीट के बाद पाकिस्तानी मीडिया ये खबर चला रहा है कि राष्ट्रपति आरिफ छुट्टी पर चले गए हैं।
सीनेट के चैयरमैन ने दिलाई शपथ
वैसे पहले खबर आ रही थी कि शहबाज के शपथग्रहण से बचने के लिए राष्ट्रपति इस्तीफा दे सकते हैं। इसके पीछे इमरान खान की ही चाल बताई जा रही थी, लेकिन बाद में शपथग्रहण की तैयारी हो गई। जब इस्तीफे वाली बात ना बनी तो राष्ट्रपति के बीमार होने की खबर आई। हालांकि इससे नए पीएम के शपथग्रहण पर कोई फर्क नहीं पड़ा। उनको राष्ट्रपति की जगह सीनेट के चैयरमैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
खुद को बताया पाकिस्तान का सेवक
प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद शहबाज शरीफ ने जनता की सेवा की बात कही है। उन्होंने कहा कि मैं 'खादीम-ए-पाकिस्तान' हूं। इसका मतलब है कि वो पाकिस्तान के सेवक हैं। इससे पहले वो पंजाब के मुख्यमंत्री भी रहे, उस दौरान वो खुद को 'खादीम-ए-पंजाब' कहते थे। वहीं शपथग्रहण के बाद शरीफ परिवार के कई सदस्य भावुक नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications