दुनिया कर रही आतंक से निबटने के उपायों पर चर्चा, नवाज अटके कश्मीर पर
इस्लामाबाद। एक ओर पूरी दुनिया आतंकवाद के मुद्दे पर बात करने में लगी है तो वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ इससे अलग कश्मीर पर चर्चा कर रहे हैं। नवाज ने एक बार फिर कश्मीर में जनमत संग्रह का राग अलापा है।

नवाज ने कहा है कि जनमत संग्रह ही इस समस्या का एकमात्र हल है। नवाज ने इसके साथ ही कश्मीर की अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी को चिट्ठी लिखी है।
नवाज ने दुख्तरान -ए-मिल्लत की प्रमुख आसिया अंद्राबी को लिखी चिट्ठी में ही कश्मीर में जनमत संग्रह की अपनी पुरानी मांग दोहराई है। रेडियो पाकिस्तान की ओर से इसकी जानकारी दी गई है।
अंद्राबी ने भी कुछ दिन पहले नवाज शरीफ को एक चिट्ठी लिखी थी। इसमें आसिया ने कश्मीर मसले पर नवाज के योगदान की तारीफ की थी।
शरीफ ने अपनी चिट्ठी में लिखा है, ‘पाकिस्तान कश्मीर को एक भौगोलिक या सीमा का मसला नहीं मानता। बल्कि 1947 के बंटवारे के सिद्धांत के लागू होने का ‘विवाद' मानता है।'
नवाज के मुताबिक कश्मीर के लोगों को पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित उनके आत्म निर्णय के अधिकार के संघर्ष के लिए नैतिक, राजनैतिक और कूटनीतिक समर्थन देता रहेगा।'












Click it and Unblock the Notifications