बस चलाने के लायक भी नहीं PIA के पायलट लेकिन प्लेन उड़ा रहे हैं!
लाहौर। पाकिस्तान की राष्ट्रीय एयरलाइंस पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस यानी पीआईए के पायलट्स इस काबिल भी नहीं हैं कि वे बस चला सकें। लेकिन वे प्लेन उड़ा रहे हैं। पीआईए के पांच पायलट्स के पास से जाली डिग्री मिली है। अब इन पायलट के साथ पीआईए के 50 से ज्यादा कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन लिया गया है। पीआईए ने इन सभी को नौकरी से हटा दिया है। इन सभी के पास फर्जी डिग्री और सर्टिफिकेट्स थे। पायलट्स के अलावा केबिन क्रू मेंबर्स को भी हटाया गया। पीआईए ने यह कदम पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उठाया है।

सुप्रीम कोर्ट ने की कड़ी टिप्पणी
पीआईए ने सुप्रीम कोर्ट को इस बात की जानकारी दी थी कि उनके पांच पायलट ने हाईस्कूल तक नहीं पास किया है। सुप्रीम कोर्ट ने अपनी जांच में पाया था कि सात पायलट के पास फर्जी डिग्रियां हैं। जस्टिस इजाजुल अहसान ने कहा था, 'एक गैर-मैट्रिक व्यक्ति जो बस तक नहीं चला सकता है लेकिन ये लोग प्लेन उड़ा रहे हैं और यात्रियों की जिंदगियों को खतरे में डाल रहे हैं।' सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों वाली बेंच की जांच में पीआईए के कर्मियों के पास जाली दस्तावेज होने की बात सामने आई थी। पाकिस्तान की सिविल एविएशन अथॉरिटी की ओर से जारी बयान में कहा गया है, 'पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।' संबंधित शैक्षिक संस्थानों ने इनकी डिग्रियां फर्जी पाईं हैं।' पीआईए के प्रवक्ता मसहूद तजवर ने कहा कि फर्जी डिग्रियां रखने वाले सभी कर्मचारियों के मामलों की जांच शुरू कर दी गई है। पीआईए के बाकी 400 कर्मचारियों की डिग्रियों की जांच भी चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications