10 दिनों के अंदर मिलेगा जनरल शरीफ को अपना उत्तराधिकारी
पाकिस्तान सरकार में वरिष्ठ मंत्री ने बताया सिर्फ 10 दिनों में होगा नए आर्मी चीफ का ऐलान। अगले माह रिटायर हो रहे हैं जनरल राहील शरीफ।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार के एक वरिष्ट मंत्री ने बयान दिया है कि सिर्फ एक हफ्ते या फिर 10 दिनों के अंदर पाकिस्तान सेना को नया प्रमुख मिलेगा। गौरतलब है कि पाकिस्तान सेना के प्रमुख जनरल राहील शरीफ नवंबर में रिटायर होने वाले हैं।

क्या कहा मंत्री ने
इस मंत्री की ओर से कहा गया, 'सरकार ने अभी तक फैसला नहीं लिया है कि कौन सेना का अगल चीफ होगा लेकिन आने वाले एक हफ्ते या 10 दिनों के अंदर उनके नाम का ऐलान हो सकता है।' न्यूज एजेंसी एपी ने मंत्री तारीक फजल चौधरी के हवाले से यह जानकारी दी।
कार्यकाल बढ़ाने के मूड में नहीं जनरल
जनरल राहील शरीफ ने इस वर्ष की शुरुआत में ही ऐलान कर दिया था कि उन्हें सेना प्रमुख का दूसरा कार्यकाल स्वीकार नहीं है। जनरल शरीफ से पहले जनरल अशफाक कियानी का कार्यकाल बढ़ाया गया था।
वहीं खबरें ये भी हैं कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर जनरल शरीफ का उत्तराधिकारी घोषित करने का दबाव है ताकि पाक पर मौजूद अनिश्चितता और सुरक्षा चुनौतियों को जल्द खत्म किया जाए।
पीएम के पास ही है ताकत
पाक में नियमों के मुताबिक प्रधानमंत्री के पास नए सेना प्रमुख के नाम का ऐलान करने का अधिकार होता है। लेकिन वर्तमान सेना प्रमुख के पास भी यह अधिकार होता है कि वह पीएम को इस सिलसिले में सलाह दे सकें।
पीएम किसी भी वरिष्ठ लेफ्टिनेंट जनरल को सेना प्रमुख नियुक्त कर सकता है और वह ऑफिसर्स की वरिष्ठता को स्वीकार करने के लिए बाध्य नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications