मुश्किल में पड़ा इमरान खान का शपथ ग्रहण, चुनाव आयोग ने दो सीटों के नतीजों पर लगाई रोक
पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने मंगलवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के मुखिया इमरान खान की दो सीटों पर जीत की अधिसूचना जारी करने पर रोक लगा दी है। चुनाव आयोग के इस फैसले से इमरान खान का शपथ ग्रहण खटाई में पड़ गया है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने मंगलवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के मुखिया इमरान खान की दो सीटों पर जीत की अधिसूचना जारी करने पर रोक लगा दी है। चुनाव आयोग के इस फैसले से इमरान खान का शपथ ग्रहण खटाई में पड़ गया है। 25 जुलाई को पाकिस्तान में हुए चुनावों के बाद इमरान की पार्टी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर सामने आई है। सोमवार को पार्टी ने इमरान खान को अपने संसदीय दल का नेता घोषित कर दिया।

इस्लामाबाद और लाहौर की सीट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इमरान खान की तीन सीटों पर जीत की सूचना जारी कर दी गई है लेकिन चुनाव आयोग को आचार संहिता के उल्लंघन की वजह से फैसला लेने में देर हो रही है। 65 वर्षीय इमरान ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था और उन्हें सभी सीटों पर जीत हासिल हुई है। चुनाव आयोग ने इस्लामाबाद की एनए-53 और लाहौर की एनए-131 सीट पर आए नतीजों की सूचना जारी करने पर रोक लगाई है। एनए-53 से इमरान ने पूर्व पाक पीएम शाहिद खाकन अब्बासी को मात दी है। इमरान को इस सीट पर 92,891 वोट्स मिले थे वहीं अब्बासी को 44,314 वोट्स हासिल हुए थे। चुनाव आयोग को इमरान के खिलाफ दर्ज आचार सहिंता के उल्लंघन से जुड़े केस की सुनवाई करनी है। इसी वजह से नतीजों पर रोक लगा दी गई है।
पूर्व रेल मंत्री ने दायर की याचिका
लाहौर की एनए-131 सीट पर इमरान का मुकाबला पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के नेता और पाक के पूर्व रेल मंत्री ख्वाजा साद रफीक से था। रफीक ने इमरान को कड़ी टक्कर भी दी थी। एनए-131 सीट पर इमरान की जीत की सूचना का टाल दिया गया है क्योंकि लाहौर हाई कोर्ट में रफीक ने याचिका दायर की थी। इस याचिका में उन्होंने इस सीट पर वोटों की दोबारा गिनती की मांग की थी। बानू की एनए-35, मियांवाली की एनए-95 और कराची ईस्ट की एनए-243 पर इमरान की जीत का विषय भी आचार संहिता के उल्लंघन मामले में चुनाव आयोग के अंतिम निर्णय पर होगा। इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि चुनाव आयोग ने उन सभी पांचों सीटों के नतीजों पर रोक लगा दी है। हालांकि बाद में इस पर स्पष्टीकरण दिया गया कि सिर्फ दो सीटों के नतीजों पर रोक लगाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications