मलीहा लोधी को नहीं किया गया बर्खास्त, इमरान के UNGA में भाषण के तुरंत बाद हटाए जाने पर पाक की सफाई
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने यूनाइटेड नेशंस (यूएन) में अपनी राजदूत मलीहा लोधी के हटाए जाने पर अब सफाई दी है। पाक का कहना है कि उसकी प्रतिनिधि लोधी को हटाया नहीं गया है बल्कि उनका कार्यकाल पूरा हो चुका था। उनकी जगह मुनीर अकरम को राजदूत नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को यूनाइटेड नेशंस जनरल एसेंबली (उंगा) में पाक पीएम इमरान खान के भाषण के बाद लोधी को उनके पद से हटाए जाने की खबरें आई थीं।

भारत विरोधी अकरम को जिम्मेदारी
पाक ने इस हफ्ते की शुरुआत में जब मुनीर अकरम को राजदूत नियुक्त करने का ऐलान किया था तो हर कोई चौंक गया था। अकरम को भारत विरोधी भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए जाना जाता है। अब वह यूएन में पाकिस्तान मिशन के स्थायी प्रतिनिधि हैं। इमरान के अमेरिका से लौटने के बाद यह ऐलान किया गया था। पाक के विदेश विभाग की ओर से शुक्रवार को बयान जारी किया गया था। इस बयान में लोधी को पीएम इमरान के सफल भाषण का श्रेय दिया गया था। पाक की मीडिया के अलावा कुछ विदेशी मीडिया की तरफ से दावा किया गया था कि पाक सरकार उनसे खुश नहीं है और इसलिए ही उन्हें हटाया गया है।
कार्यकाल हो गया था पूरा
विदेश विभाग के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने ट्वीट किया था कि लोधी ने अपना कार्यकाल पूरा कर लिया है। फैसल ने ट्विटर पर लिखा, 'इस बात में कोई सच्चाई नहीं है कि लोधी को किसी वजह से हटाया गया है।' विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी एक बयान को कोट करते हुए उन्होंने लोधी के बारे में लिखा, 'उन्होंने पाकिस्तान की सेवा पूरे समर्पण भाव के साथ की और पीएम के सफल उंगा दौरे का आयोजन भी पूरी क्षमता के साथ किया था।' 74 साल की लोधी एक पूर्व जर्नलिस्ट हैं और करीब साढ़े चार बरसों से यूनाइटेड नेशंस में पाक की राजदूत थीं। जब उनके उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान किया गया तो उन्होंने कहा कि वह यूएन जनरल एसेंबली के बाद जाना चाहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications