तो पाक नहीं चाहता भारत के साथ एनएसए लेवल की वार्ता!
इस्लामाबाद। पाकिस्तान और भारत के बीच आगामी 23 और 24 अगस्त को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) स्तर की वार्ता प्रस्तावित है लेकिन पाक का रवैया देखकर तो लग रहा है कि पाक इस बातचीत के पक्ष में नहीं है। पाक ने अभी तक इस वार्ता के लिए किसी तरह की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में कई तरह की शंकाए उठ रही हैं।

इस बार कैंसिल नहीं होगी वार्ता
सूत्रों की मानें तो इस बार भारत किसी भी कीमत पर वार्ता को रद्द करने के मूड में नहीं है। पिछली कई बार ऐसा हुआ है जब भारत ने पाक से साथ प्रस्तावित वार्ता को सीमा पार से जारी फायरिंग और आतंकवाद की वजह से कैंसिल कर दिया था।
लेकिन इस बार परिस्थितियां अलग हैं। भारत चाहता है कि पाक के साथ एक सार्थक बातचीत हो और पाक में भी कई लोग वार्ता के पक्ष में है।
दूसरी तरफ भारत को अभी तक पाक की रजामंदी का इंतजार है। बताया जा रहा है कि पाक, भारत की ओर से कई तरह के दावों को लेकर काफी नाराज है। पाक के एनएसए सरताज अजीज ने अभी तक बातचीत के लिए कोई भी एजेंडा तय नहीं किया है।
पाक की ओर से इस वार्ता पर किसी भी तरह का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सरताज अजीज खुद पाक मीडिया से कह चुके हैं कि अभी तक उन्होंने अजित डोवाल के साथ बातचीत का कोई एजेंडा सेट नहीं किया है।
दबाव के आगे नहीं झुकेगा भारत
पिछले दिनों भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों नरेंद्र मोदी और नवाज शरीफ के बीच रूस के ऊफा में मुलाकात हुई थी। दोनों ने तय किया था कि भारत और पाक के बीच बातचीत को शुरू किया जाएगा।
उसी समय दोनों देशों के बीच एनएसए स्तर की वार्ता के बारे में फैसला किया गया था। लेकिन ऊफा के बाद से पाक की ओर से सीमा पर लगातार फायरिंग जारी है। वहीं हाल में हुए गुरदासपुर और उधमपुर हमलों ने भी उसकी मुसीबत को बढ़ा दिया है।
विशेषज्ञों की मानें ऐसे में भारत का फैसला है कि भले ही कितना दबाव क्यों न बनाया जाए, बातचीत बंद नहीं होगी। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक आईएसआई और पाक सेना पूर्व में भारत के साथ बातचीत न होने देने की कोशिशों में सफल हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications