चीनी न्यूज एजेंसी से पाक सेना ने जताई इंडियन आर्मी से बातचीत की इच्छा
इस्लामाबाद। उरी आतंकी हमले और सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पैदा हुए हालातों में पाकिस्तान बुरी तरह से उलझ गया है। पाकिस्तान सेना की ओर से आया बयान इसकी पुष्टि करने के लिए काफी है। पाकिस्तान सेना की मानें तो इस तनाव को कम करने के लिए पाक मिलिट्री, भारत की मिलिट्री से बातचीत करने को भी तैयार है।

बातचीत के दरवाजे खुले
चीन की न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के साथ इंटरव्यू में सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस(आईएसपीआर) के डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल असीम सलीम बाजवा ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत और पाक की सेनाओं ने सभी माध्यमों के जरिए बातचीत के सारे दरवाजे खुले रखे हैं।
खुद को बताया शांति का पक्षधर
उन्होंने कहा कि इसमें दोनों सेनाओं के बीच हॉटलाइन का विकल्प भी खुला हुआ है। उन्होंने बताया कि भारत और पाक में मौजूद यूएन मिलिट्री ऑर्ब्जवर भी दोनों देशों के बीच की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बाजवा की मानें तो पाक पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण रिश्ते चाहता है और क्षेत्र में शांति का पक्षधर है। उनके मुताबिक पाक सरकार की भी नीति यही है और पाक की सत्ता में आने वाला हर तत्व यही ख्वाहिश रखता है।
किसी भी स्थिति से निबटने की चुनौती
इतना कहने के बाद बाजवा एलओसी पर मौजूद तनाव के लिए भारत को दोष देने से नहीं चूके। बाजवा ने चुनौती देने के अंदाज में कहा कि पाक सेना किसी भी स्थिति से निबटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications